IIT-मद्रास के मंदिर में पूजा की; कहा- तमिलनाडु में नए भारत की झलक दिखती है

इंडिया रिपोर्टर लाइव
चेन्नई, 11 अक्टूबर 2026। पीएम मोदी ने चेन्नई में कहा कि मंदिरों से लेकर मेट्रो तक तमिलनाडु में नए भारत की झलक दिखती है। भारत अपनी सांस्कृतिक ताकत से प्रेरणा लेता है, वैज्ञानिक प्रगति के जरिए आगे बढ़ता है।
मोदी ने चेन्नई मेट्रो के फेज-2 प्रोजेक्ट के 14.6 किमी लंबे पूनमल्ली-वडापालानी रूट का उद्घाटन भी किया। इसके बाद पीएम ने खुद ट्रेन में यात्रा की, इस दौरान तमिलनाडु के सीएम विजय भी उनके साथ मौजूद थे। 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद यह पीएम मोदी का पहला चेन्नई दौरा है। 2026 में TVK ने जीत हासिल की और एक्टर विजय सीएम बने। कांग्रेस उनकी सहयोगी पार्टी है।
सीमित संसाधनों के बीच दृढ़ इच्छाशक्ति ने आगे बढ़ने की प्रेरणा दी
मोदी बोले- विश्व हिंदू विद्या केंद्र आज अपनी गोल्डन जुबली मना रहा है। यह माइल स्टोन जितना बड़ा है। इसकी यात्रा भी उतनी ही प्रेरणादायक है। एक छोटे से विद्यालय के रूप में इसकी शुरूआत हुई थी, तब यहां केवल 7 बच्चे थे। संसाधन सीमित थे। लेकिन एक चीज थी दृढ़ इच्छाशक्ति, इसलिए यह संस्थान हर कदम आगे बढ़ता रहा। पीएम ने कहा- समय के साथ एक छोटा सा प्रयास आज इतना बड़ा बन गया। मैं इस अवसर पर जयगोपाल गरोडिया के योगदान को याद करता हूं।विद्यालय के भवन को बनाने में उन्होंने योगदान दिया।
युवाओं के पास दुनिया का भविष्य तय करने की क्षमता है
मोदी ने कहा- आज का युवा विकसित भारत के विजन की ताकत बनना चाहता है। इसके लिए जो नया आइडिया, सॉल्यूशन चाहिए। उनसे भारत ही नहीं विश्व का भविष्य भी तय होगा। आज दुनिया समाधानों की तरफ देख रही है और आपमें वह प्रतिभा है जो इन समाधानों को बना सकती है। पीएम ने कहा- मैं चाहता हूं हर युवा अपने भविष्य को उसी बड़े कैनवास पर देखें क्योंकि यह आपका समय है। आपका मौका है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह सपना पूरा होकर रहेगा- टुगेदर वी विल डू इट।
पीएम मोदी का संबोधन शुरू, तमिल में बोले- वडक्कम
पीएम मोदी गोल्डन जुबली समारोह में स्पीच दे रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले तमिल में सभी को ‘वडक्कम’ कहा। पीएम ने कहा- शिव-शक्ति की पावन भूमि तमिलनाडु में, मां सरस्वती के साधकों के बीच आने का अवसर मिला है। मुझे यहां आप सबकी आंखों में भारत का भविष्य दिख रहा है। पीएम ने कहा- मैं अपनी बात शुरू करूं उससे पहले बताना चाहूंगा कि मैं यहां देर से पहुंचा आपको असुविधा हुई, इसके लिए मैं आप सबसे क्षमा मांगता हूं।


