बोलीं- चुनावी छलावे से सावधान रहें; प्रण-पत्र भी कोरा हवाहवाई

इंडिया रिपोर्टर लाइव
लखनऊ, 27 नवंबर 2026। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी के घोषणा-पत्र को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को कोरा हवाहवाई बताते हुए कहा कि यह ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का यह प्रण-पत्र वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है।
मायावती ने अपनी पोस्ट में कहा कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध रहा है। उन्होंने पार्टी पर संकीर्ण और जातिवादी नीतियां अपनाने के साथ धन्नासेठों का समर्थक होने का आरोप लगाया। इसके लिए उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश से हुए राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी गई।
बोलीं- चुनावी वादों से दूर नहीं होंगी गरीबी और बेरोजगारी
बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का घोषणा-पत्र समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबली लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की सोच को दर्शाता है। ऐसे लोग जनहित के बजाय अपने स्वार्थ और लाभ की चिंता करते हैं।
‘हर हाथ को काम’ बसपा की नीति और सिद्धांत
मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बसपा की नीति और सिद्धांत हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों में सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी और निष्ठा से अमल किया गया। उन्होंने दावा किया कि सपा, कांग्रेस और भाजपा के लिए इस तरह काम करना संभव नहीं रहा है।
आरक्षण विरोधी रवैये और दंगों को लेकर भी घेरा
मायावती ने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जातिवादी द्वेष और दंगों से जुड़े मुद्दों को जनता भुला नहीं पाएगी। बसपा प्रमुख ने सपा के वादों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।


