
इंडिया रिपोर्टर लाइव
कानपुर, 27 नवंबर 2026। कानपुर में मेफेड्रोन तस्करों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। मुंबई के धारावी में दबिश दिए जाने के बाद वहां मौजूद रिजवान और खैय्याम के बाबूपुरवा निवासी साथी भाग निकले हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि धारावी से भागे कुछ तस्कर बाबूपुरवा के बेगमपुरवा और मुंशीपुरवा में रिश्तेदारों के घरों में छिपे हैं। तस्करों के करीबी कुछ दुकानदार यहां भी शटर बंदकर इधर-उधर हो गए हैं।
पुलिस तस्करों के साथियों की तलाश में दबिशें दे रही है। पुलिस को बाबूपुरवा के हसीन, शैलू बाबा, अरबाज कट्टा आदि की तलाश है, जबकि जालौन में फैक्टरी लगाने वाले रिजवान को गिरफ्तार कर जेल भी भेज चुकी है। अब पुलिस मेफेड्रोन की फैक्टरी लगाने वाले मास्टर माइंड मुंबई के धारावी निवासी खैय्याम की तलाश में है।
बाबूपुरवा में छिपे कुछ तस्करों का लगा है सुराग
फजलगंज पुलिस की एक टीम डीआरआई के साथ मिलकर मुंबई में खैय्याम के ठिकानों पर दबिशें दे रही है। सूत्रों के अनुसार दबिश के चलते 15 दिनों में खैय्याम के तीन-चार साथी वहां से भागकर बाबूपुरवा में अपने रिश्तेदारों के घरों में छिपे हुए हैं। फजलगंज इंस्पेक्टर धनंजय कुमार का कहना है कि बाबूपुरवा में छिपे कुछ तस्करों का सुराग लगा है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।
परिजन बोले- ऋषभ काे फंसाया गया
तीन दिन पूर्व छह करोड़ की मेफेड्रोन के साथ पकड़े गए फर्रुखाबाद के जहानगंज निवासी ऋषभ ठाकुर के परिजन का कहना है कि बेटे की सराफ की दुकान है और 20 नवंबर को दुकान के काम से 60 हजार रुपये लेकर बाइक से निकला था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी की जानकारी हुई है। ऋषभ से जेल से मिलकर लौटे चाचा धीरज और विशाल का कहना है कि उन्हें आशंका है कि ऋषभ को फंसाया गया है। उसकी बाइक और रुपयों का भी कुछ पता नहीं चल रहा है।


