
इंडिया रिपोर्टर लाइव
जयपुर 10 मई 2026। भारतीय क्रिकेट में उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी लगातार रिकॉर्ड बुक्स को बदल रहे हैं। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने शनिवार को एक और अनोखा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में वैभव ने मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़ा। इसी छक्के के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। वैभव ने यह मुकाम सिर्फ 514 गेंदों में हासिल किया, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा अब तक का सबसे तेज आंकड़ा है।
अभिषेक शर्मा को छोड़ा पीछे
इस उपलब्धि के साथ वैभव ने भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया। इतनी कम उम्र में ऐसा रिकॉर्ड बनाना उनके टैलेंट और निडर बल्लेबाजी का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।
वैभव पहले ही आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में और आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जमाया था।
पावरप्ले के नए सिक्सर किंग
गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में 36 रन बनाए। उनकी पारी में तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे। खास बात यह रही कि उनके तीनों छक्के पावरप्ले में आए। इसके साथ ही वैभव अब आईपीएल के एक सीजन के पावरप्ले ओवरों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
भविष्य का सुपरस्टार
वैभव सूर्यवंशी जिस अंदाज में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहे हैं, उसे देखकर साफ है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है। सिर्फ 15 साल की उम्र में उनका आत्मविश्वास, पावर हिटिंग और बड़े मंच पर प्रदर्शन हर किसी को हैरान कर रहा है।
गुजरात टाइटंस का विशाल स्कोर
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 229/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रन, साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। राजस्थान के गेंदबाजों पर गुजरात बल्लेबाजों ने जमकर हमला बोला और अंतिम ओवर में 21 रन बटोरे। जवाब में राजस्थान की पारी 16.3 ओवर में 152 रन पर ही सिमट गई। वैभव के अलावा रवींद्र जडेजा ने 38 रन बनाए।


