
इंडिया रिपोर्टर लाइव
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 08 सितंबर 2026। आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में जिला प्रेस क्लब भवन सह वाचनालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वाचनालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने कलेक्टर विजय दयाराम के. ने यहां भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन की दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के बच्चे इस वाचनालय का भरपूर उपयोग करें और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वाचनालय में पढ़कर बच्चे आगे बढ़ें लेकिन सफलता हासिल करने के बाद अपनी मूल संस्था को कभी न भूलें। उन्होंने कहा कि जिस स्थान से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है, सफलता के बाद उस संस्था के लिए योगदान देना भी उनकी जिम्मेदारी है। यह योगदान शिक्षा, ज्ञान, मार्गदर्शन या किसी अन्य रूप में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यही हमारी जड़ है और जड़ों से जुड़े रहकर ही आगे बढ़ने का रास्ता मजबूत होता है।
जिला प्रेस क्लब के पत्रकारों की पहल की सराहना करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पत्रकारिता की गतिविधियों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिला प्रेस क्लब भवन सह वाचनालय आदिवासी अंचल में एक उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। इस दौरान उन्होंने वाचनालय में उपलब्ध वाई-फाई, बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी परीक्षा संबंधी सवाल किए और आवश्यकता के अनुसार प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा भी दिलाया। कलेक्टर ने कहा कि यहां से पढ़कर निकलने वाले विद्यार्थी जब विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करेंगे, तो यह पूरे जिले के लिए गौरव की बात होगी।
इस अवसर पर तहसीलदार शेषनारायण जायसवाल, जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष अखिलेश नामदेव, सचिव शरद अग्रवाल, उपाध्यक्ष दुर्गेश सिंह, कोषाध्यक्ष मुकेश विश्वकर्मा, संयुक्त सचिव रामेश्वर तिवारी, सुबीर चौधरी, उज्जवल तिवारी, विपत्ति सारथी, जितेंद्र सोनी, अभिषेक गुप्ता, शैलेश सोनी, अरविंद बनाफर, शिवेंद्र तिवारी सहित अन्य पत्रकार एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


