जंतर-मंतर प्रदर्शन: हरियाणा में विपक्षी नेता-कार्यकर्ता नजरबंद

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

हरियाणा, 10 अक्टूबर 2026। सिरसा-डबवाली। दिल्ली में शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) से जुड़े 150 से ज्यादा नेताओं व कार्यकर्ताओं को उनके ठिकानों पर नजरबंद कर दिया। मंडी डबवाली में डबवाली में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।

डबवाली में कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सगनदीप सिंह, पार्षद समनदीप बराड़, पार्षद प्रतिनिधि भोला सिंह और विक्की भाऊ को हिरासत में लिया। सिरसा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सह सचिव कामरेड तिलक राज विनायक, आम आदमी पार्टी के नेता दारा सिंह दमदमा को घर में ही नजरबंद कर दिया। जग्गा सिंह बराड़ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के लिए जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही बैठकर प्रदर्शन किया और बाद में पैदल दिल्ली की ओर बढ़ने लगे। इस पर पुलिस ने पीसीआर और अन्य वाहनों से उन्हें सिटी थाने पहुंचाया।

हिसार के 20 से अधिक नेता हिरासत में

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर शनिवार को हिसार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। परिचालन कारणों से कई रेल सेवाएं स्थगित की गई हैं। भिवानी, रेवाड़ी और रोहतक के रास्ते भी दिल्ली पहुंचने के विकल्प प्रभावित हुए हैं। वहीं कांग्रेस, जजपा, इनसो और जनवादी नौजवान सभा सहित विभिन्न संगठनों के 20 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया गया है। कुछ नेताओं के घरों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बीकानेर मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन संख्या 54310 हिसार-दिल्ली, 54424 हिसार-नई दिल्ली, 54423 नई दिल्ली-हिसार, 54043 जींद-हिसार, 54309 दिल्ली-हिसार, 54325 हिसार-रेवाड़ी और 54316 हिसार-रेवाड़ी सहित कई रेल सेवाएं शनिवार को नहीं चलेंगी। हिसार से दिल्ली के लिए रोडवेज बसों के संचालन पर अभी कोई नया निर्देश नहीं मिला है। अधिकारियों के अनुसार बसें नियमित रूट पर चलेंगी और पुलिस जहां तक जाने देगी वहां तक जाएंगी।

20 से अधिक नेता हिरासत में
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेश संदलाना को लोकेशन के आधार पर हिरासत में लेकर सीआईए थाने ले जाया गया। किसान नेता कुलदीप खरड़, आईएसओ के साहिलदीप कस्वां, केएएसओ के हरिकेश ढांडा, एनएसयूआई के हिसार जिलाध्यक्ष राहुल सिवाच, जनवादी नौजवान सभा के पंकज बगला, मुकेश दुर्जनपुर और भूपेंद्र गंगवा सहित 20 से अधिक नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

शुक्रवार को ही दिल्ली पहुंचे कई लोग
बृजलाल बहबलपुरिया, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रमेश पूनिया और प्रशांत कुमार सहित कई लोग शुक्रवार को ही दिल्ली पहुंच गए। वे होटल या रेस्ट हाउस के बजाय रिश्तेदारों के घर ठहरे हैं। इनमें से अधिकतर ने मोबाइल फोन बंद कर रखे हैं।

टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात
खुफिया विभाग की टीम प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका वाले युवाओं और नेताओं की जानकारी जुटाती रही। रात से रामायण टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात है। शनिवार सुबह दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की जांच की जाएगी। हिसार से दिल्ली के बीच पड़ने वाले तीनों टोल प्लाजा पर पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।

दिल्ली आंदोलन में जाने से पहले इनेलो के दो पदाधिकारी गिरफ्तार

दिल्ली में शनिवार को चल रहे आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के बहादुरगढ़ से जुड़े दो पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए पदाधिकारियों में इनेलो के जिला शहरी अध्यक्ष  रामनिवास सैनी और जिला मीडिया प्रभारी एडवोकेट विपिन शामिल हैं। इनेलो पदाधिकारियों ने पुलिस की इस कार्रवाई को भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों का परिणाम बताया है।

इनेलो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। ऐसे में आंदोलन में शामिल होने जा रहे पार्टी पदाधिकारियों की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर सवाल खड़े करती है।

पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए गिरफ्तारियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उसे रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए।

इनेलो ने स्पष्ट किया कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी। पदाधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारियों से कार्यकर्ताओं के हौसले कमजोर नहीं होंगे और वे जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई को लेकर इनेलो की ओर से सरकार पर सवाल उठाए गए हैं।

रोहतक में कई नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट, टोल से युवाओं को लाैटा रही पुलिस

दिल्ली में सीजेपी के शनिवार को होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए रोहतक में पुलिस ने सख्ती की। कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। दिल्ली जाने वाले वाहनों को रोहद टोल गेट पर रोककर चेकिंग की जा रही है। दिल्ली जा रहे युवाओं को रोका जा रहा है।

गांव रिटोली कबूलपुर में रोहतक पुलिस जिला परिषद के पार्षद जयदेव डागर को सुबह 6 बजे हाउस अरेस्ट करने पहुंची। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जयदेव डागर के घर पर पहुंच गए और पुलिस को ही घर के अंदर बैठा लिया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई।

गांव सिसरौली निवासी किसान नेत्री मोनिका नैन को भी हाउस सुबह 5:30 बजे पुलिस ने गांव पहुंचकर हाउस अरेस्ट कर लिया। इंडियन नेशनल लोकदल के पूर्व जिला अध्यक्ष बल्लू प्रधान को आईएमटी पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। रोहद टोल पर रोहतक पुलिस दिल्ली जाने वाले वाहनों को रोक कर चेकिंग कर रही है। जो युवा दिल्ली जा रहे हैं, उनको वापस लौटाया जा रहा है। 

Leave a Reply

Next Post

आईजीकेवी में बीएससी कृषि की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू

शेयर करेपीएटी और 12वीं के अभ्यर्थियों को मौका इंडिया रिपोर्टर लाइव रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 14 से 16 अक्टूबर तक काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। नई शिक्षा नीति […]

You May Like

हंसता-बोलता इंसान भी हो सकता है डिप्रेशन का शिकार....|....अदिति राव हैदरी: पति के साथ सैर पर निकलीं अभिनेत्री....|....एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से हटा पाकिस्तान....|....नॉर्वे पर भड़के हैं ट्रंप: बोले-आठ बार युद्ध रोकने के लिए मिलना चाहिए था नोबेल....|....गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु दिखाने का वीडियो वायरल, 9 आरोपी गिरफ्तार....|....आईजीकेवी में बीएससी कृषि की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू....|....जंतर-मंतर प्रदर्शन: हरियाणा में विपक्षी नेता-कार्यकर्ता नजरबंद....|....ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या....|....मध्यप्रदेश में नियमों का पालन नहीं करने वाले 65 अस्पतालों आयुष्मान इलाज बंद....|....17 जिलों में 82 ग्रामीणों को मिले संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज