मोहन यादव समेत भाजपा के दिग्गज रहे मौजूद

इंडिया रिपोर्टर लाइव
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को भोपाल में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट
मध्यप्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। मुरुगन ने 14 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। भाजपा ने 28 अक्टूबर को हरदीप सिंह पुरी को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट का कार्याकाल अप्रैल 2030 तक रहेगा।
12 नवंबर को होगा मतदान
राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित है। 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 5 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर मतदान 12 नवंबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी। मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा के 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 65 विधायक हैं।


