आगरा से नागपुर ले जा रहा था खेप

इंडिया रिपोर्टर लाइव
दतिया, 05 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 286 किलो चांदी जब्त की है। जब्त चांदी की कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। चिरुला थाना पुलिस ने डगरई टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर कार को पकड़ा। पुलिस ने चांदी के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार और चांदी को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चांदी की यह खेप उत्तर प्रदेश के आगरा से महाराष्ट्र के नागपुर ले जाई जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर डगरई टोल प्लाजा में घेराबंदी
चिरुला थाना प्रभारी भार्गव के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में चांदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डगरई टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 286 किलो चांदी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने चांदी को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू की।
आगरा से नागपुर ले जाई जा रही थी चांदी की खेप
पुलिस के अनुसार, कार चालक की पहचान राजस्थान के धौलपुर निवासी ब्रज किशोर तोमर के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि कार ‘राधाकृष्ण कोरियर’ की है। चालक चांदी की खेप आगरा से नागपुर लेकर जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने चालक से चांदी के स्वामित्व और उसके परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई बिल या अन्य जरूरी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 286 किलो चांदी और कार को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
जीएसटी और आयकर विभाग को दी गई सूचना
बिना वैध दस्तावेज के इतनी बड़ी मात्रा में चांदी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जीएसटी और आयकर विभाग को दी। जांच एजेंसियों को चांदी के स्रोत, उसके स्वामित्व, परिवहन और खरीद-बिक्री से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के लिए सूचना दी गई है। बाद में जब्त की गई चांदी जीएसटी विभाग को सौंप दी गई। वहीं, पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है, ताकि चांदी की खेप के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।


