गूगल का बड़ा फैसला: कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

नई दिल्ली, 05 नवंबर 2026। माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब गूगल ने भी अपने कर्मचारियों की संख्या और खर्च को नियंत्रित करने की दिशा में कदम उठाया है। गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट ने इस साल कई देशों में अपने कुछ कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। इसके तहत नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को कंपनी की ओर से आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ने जून में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड में कुछ कर्मचारियों के लिए यह योजना शुरू की थी। कंपनी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 2025 में उसकी कुछ टीमों ने मुआवजे के साथ स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना शुरू की थी। इस साल जून में इसे कुछ और देशों तक बढ़ाया गया।

कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य भविष्य के महत्वपूर्ण कामों के लिए संसाधनों को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करना है। हालांकि, अब तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि कितने कर्मचारियों ने इस ऑफर को स्वीकार किया है। एक 50 कर्मचारियों वाली टीम में कम से कम चार लोगों ने इस ऑफर को स्वीकार किया।

एआई पर भारी निवेश के बीच खर्च घटाने की तैयारी
गूगल का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से निवेश कर रही हैं। इस तकनीक को विकसित करने और इससे जुड़ा बुनियादी ढांचा तैयार करने में कंपनियों को भारी खर्च करना पड़ रहा है। बढ़ते खर्च का असर निवेशकों की चिंताओं और अल्फाबेट के शेयरों पर भी पड़ा है। हालांकि, हाल की तिमाहियों में अल्फाबेट के कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ी है, लेकिन कंपनी अब अपने संसाधनों को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की ओर स्थानांतरित करना चाहती है।

स्विट्जरलैंड में 12 महीने तक की सैलरी का ऑफर
स्विट्जरलैंड में गूगल के करीब 5,000 कर्मचारी काम करते हैं। यहां कंपनी ने कई विभागों के कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। इसके तहत कर्मचारियों को कंपनी में काम किए गए प्रत्येक साल के बदले एक महीने की सैलरी देने का प्रस्ताव था। हालांकि, मुआवजे की अधिकतम सीमा 12 महीने की सैलरी तय की गई थी। यानी कंपनी में 12 साल या उससे अधिक समय तक काम करने वाले कर्मचारियों को भी अधिकतम 12 महीने की सैलरी ही मिलनी थी।

माइक्रोसॉफ्ट ने भी 60 हजार कर्मचारियों को दिया था विकल्प
गूगल से पहले माइक्रोसॉफ्ट ने भी कर्मचारियों की संख्या और खर्च को नियंत्रित करने के लिए स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने की योजना पेश की थी। पिछले सप्ताह कंपनी ने अपने करीब 60 हजार कर्मचारियों को आर्थिक मुआवजे के साथ नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया था। गूगल ने भी पिछले साल से अमेरिका और ब्रिटेन में अपने कुछ विभागों के कर्मचारियों के लिए इस तरह की योजनाएं शुरू की थीं। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, यह विकल्प उन कर्मचारियों के लिए है, जो अब कंपनी की कार्यशैली, काम की गति या भविष्य की दिशा के साथ खुद को सहज महसूस नहीं करते।

Leave a Reply

Next Post

भारतीय हॉकी के दिग्गज के घर लाखों की चोरी

शेयर करे1980 ओलंपिक में जीता स्वर्ण समेत 4 पदक ले गए चोर इंडिया रिपोर्टर लाइव बंगलूरू, 05 नवंबर 2026। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी एमएम सोमैया के बंगलूरू स्थित घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर उनके घर से कीमती सामान और नकदी के साथ […]

You May Like

सोनाक्षी-जहीर के लुक ने खींचा ध्यान....|....मैदान पर टक्कर के बाद फुटबॉलर की मौत....|....भारतीय हॉकी के दिग्गज के घर लाखों की चोरी....|....गूगल का बड़ा फैसला: कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर....|....यूएस मिडटर्म चुनाव नतीजों से बाजार में बहार....|....स्वामित्व योजना: प्रदेश में 87000 करोड़ की संपत्तियों की मुफ्त होगी रजिस्ट्री....|....कार से 5 करोड़ की 286 किलो चांदी जब्त, चालक हिरासत में....|....एसआईआर पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला....|....दिवाली पर काशी को दहलाने की धमकी....|....सीएम योगी बोले- भारत के महान लोकतंत्र को अराजकता व अस्थिरता की आग में झोंकने का हो रहा प्रयास