छह दिसंबर को लखनऊ में ताकत दिखाएंगी मायावती

इंडिया रिपोर्टर लाइव
लखनऊ, 05 नवंबर 2026। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को लखनऊ में पार्टी की यूपी स्टेट यूनिट की बड़ी बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने 6 दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में आयोजित होने वाले विशाल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पर सहमति दे दी। इस घोषणा का बैठक में जोरदार तालियों और ओजस्वी नारों के साथ स्वागत किया गया और इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया। इस समारोह में बसपा आगामी चुनाव को लेकर शक्ति प्रदर्शन करेगी।
बीएसपी यूपी स्टेट कार्यालय, 12 माल एवेन्यू में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में स्टेट, मंडल सहित सभी स्तर के पदाधिकारी और प्रदेश के 75 जिलों के जिला अध्यक्ष शामिल हुए। मायावती ने बूथ स्तर तक की जमीनी तैयारियों, अच्छे उम्मीदवारों के चयन और सर्वसमाज, खासकर गरीब व कमजोर तबकों में वोटों की शक्ति की जागरूकता बढ़ाने संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि इन तैयारियों से बहुजन समाज के आत्म-सम्मान और स्वाभिमान का कारवां ‘वोट हमारा, राज भी हमारा’ के सर्वजन-हितैषी संकल्प के साथ सत्ता की मास्टर चाबी हासिल कर अपनी मंजिल की ओर तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने बैठक में उल्लेखित कमियों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए गए।
बसपा ने सर्वसमाज के सहयोग से यूपी में बीएसपी की पांचवीं बार सरकार बनाने के संकल्प को दोहराया। मायावती ने देश में विश्वसनीय स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था और जिम्मेदार गवर्नेंस के अभाव को राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक व्यवस्था प्रभावित होने का कारण बताया। उन्होंने कहा कि खासकर यूपी की त्रस्त जनता को बीएसपी के ‘कानून द्वारा कानून का राज’ और ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांतों पर आधारित सुशासन की वापसी की उत्सुकता है, जिसे पूरा करके दिखाना है।


