भारतीय हॉकी के दिग्गज के घर लाखों की चोरी

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

बंगलूरू, 05 नवंबर 2026। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी एमएम सोमैया के बंगलूरू स्थित घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर उनके घर से कीमती सामान और नकदी के साथ वह स्वर्ण पदक भी चुरा ले गए, जिसे सोमैया ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में जीता था। चोरों ने उनके घर से कुल चार अंतरराष्ट्रीय पदक, सोने के आभूषण और चांदी की वस्तुओं पर हाथ साफ किया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

परिवार के साथ बाहर गए थे सोमैया, पीछे से हुई चोरी
पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह घटना 28 अक्तूबर को बंगलूरू के एचएएल थर्ड स्टेज इलाके में हुई। यह क्षेत्र इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। 67 वर्षीय पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया घटना के समय अपने परिवार के साथ कोडागु की यात्रा पर गए हुए थे। एफआईआर के अनुसार, चोरी का पता तब चला जब उनके एक पड़ोसी ने घर का दरवाजा खुला देखा। उसे घर में चोरी होने का संदेह हुआ, जिसके बाद उसने सोमैया को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।

सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध, तोड़कर घुसे थे दरवाजा
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, 28 अक्तूबर की रात करीब 2:34 बजे दो अज्ञात व्यक्ति सोमैया के घर में दाखिल हुए थे। एफआईआर में बताया गया है कि इनमें से एक ने नीले रंग की शर्ट और दूसरे ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी। दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान चुरा लिया।

ओलंपिक स्वर्ण समेत चार अंतरराष्ट्रीय पदक चोरी
चोरों ने घर से सोमैया के करियर से जुड़ी कई ऐतिहासिक उपलब्धियों के प्रतीक पदक भी चुरा लिए। इनमें 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के साथ जीता गया स्वर्ण पदक सबसे अहम है। इसके अलावा 1982 के नई दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 में एम्स्टर्डम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक भी चोरी हुआ है। इन पदकों के अलावा चोर सोने के आभूषण, चांदी की कई वस्तुएं और 30 हजार रुपये नकद भी ले गए। एफआईआर में चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
एमएम सोमैया की शिकायत के आधार पर इंदिरानगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 331(4) घर में अनधिकृत प्रवेश या सेंधमारी से संबंधित है, जबकि धारा 305 आवासीय घर सहित कुछ अन्य स्थानों पर चोरी से जुड़ी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Next Post

मैदान पर टक्कर के बाद फुटबॉलर की मौत

शेयर करेगोलकीपर ने तोड़ी चुप्पी; कहा- धमकियां मिलीं, इंस्टाग्राम अकाउंट किया बंद इंडिया रिपोर्टर लाइव मैड्रिड, 05 नवंबर 2026। स्पेनिश फुटबॉल में एक दर्दनाक हादसे के बाद एफसी एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है। उनके साथ मैदान पर हुई टक्कर के […]

You May Like

सोनाक्षी-जहीर के लुक ने खींचा ध्यान....|....मैदान पर टक्कर के बाद फुटबॉलर की मौत....|....भारतीय हॉकी के दिग्गज के घर लाखों की चोरी....|....गूगल का बड़ा फैसला: कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर....|....यूएस मिडटर्म चुनाव नतीजों से बाजार में बहार....|....स्वामित्व योजना: प्रदेश में 87000 करोड़ की संपत्तियों की मुफ्त होगी रजिस्ट्री....|....कार से 5 करोड़ की 286 किलो चांदी जब्त, चालक हिरासत में....|....एसआईआर पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला....|....दिवाली पर काशी को दहलाने की धमकी....|....सीएम योगी बोले- भारत के महान लोकतंत्र को अराजकता व अस्थिरता की आग में झोंकने का हो रहा प्रयास