खालिस्तान नेशनल आर्मी ने भेजा मेल, स्कूलों और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ी

इंडिया रिपोर्टर लाइव
वाराणसी, 05 नवंबर 2026। खालिस्तान नेशनल आर्मी ने बुधवार को ई-मेल से काशी को दिवाली पर दहलाने की धमकी दी है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों समेत कमिश्नरेट पुलिस ने धमकी के बाद बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय, नगर निगम और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
नगर निगम के अधिकारिक मेल पर धमकी भरे ई-मेल में 8 नवंबर को स्कूलों और मंदिरों में बम धमाके की चेतावनी दी गई है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया बीएचयू के केंद्रीय विद्यालय पहुंचे। प्रधानाचार्य से बातचीत की और सुरक्षा बढ़ाई। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय और सीएचएस के बारे में जानकारी मिली है। इसके बाद दोनों जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसकी सूचना लंका थाने पर भी दी गई है।
नगर निगम को उड़ाने की धमकी के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुलिस उच्चाधिकारियों के साथ ही सिगरा पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद निगम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, थानों की पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
धार्मिक शहरों में दिवाली से 27 नवंबर तक धमाके की धमकी
खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लेकर आए धमकी ई-मेल में काशी, मथुरा और अयोध्या को उड़ाने की धमकी दी गई है। ई-मेल में लिखा है कि आठ नवंबर से धमाके शुरू होंगे तो 27 नवंबर तक जारी रहेंगे।
धमकी भरे ईमेल की जांच केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। नगर निगम, बीएचयू, स्कूलों और प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी थानों को अलर्ट किया गया है। -मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त


