नकली दवा नेटवर्क में हिमाचल की तीन कंपनियों शामिल

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

लखनऊ, 20 नवंबर 2026। नकली दवाओं के कारोबार की जांच में हिमाचल प्रदेश की तीन फार्मा कंपनियों की भूमिका सामने आई है। इनमें बद्दी स्थित वीडी फार्मा भी शामिल है, जहां बिना लाइसेंस दवाओं का निर्माण और सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। एसटीएफ तीनों कंपनियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इस बीच नेटवर्क से जुड़े दो और लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी हसीन और मोनू सीधे फार्मा कंपनियों से जुड़े थे। दोनों सप्लायरों के भी संपर्क में रहते थे। नेटवर्क में हसीन के भाई वसीम और पंकज की भूमिका भी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ ने वसीम और पंकज को भी हिरासत में लेकर साक्ष्यों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, गिरोह हर महीने करोड़ों रुपये की नकली दवाएं बाजार में खपा रहा था। एसटीएफ यह पता लगा रही है कि दवाओं के निर्माण में फार्मा कंपनियों के संसाधनों का इस्तेमाल हुआ था या कंपनी के अधिकारियों की जानकारी और मिलीभगत से यह कारोबार चल रहा था।

 गिरोह के सदस्य संपर्क के लिए जांगी एप का इस्तेमाल करते थे। इस पर फर्जी नामों से खाते बनाए गए थे, ताकि असली पहचान छिपी रहे। दवाओं के कारोबार का लेनदेन नकद और बैंक खातों के जरिये किया जाता था। एसटीएफ अब बैंक खातों, डिजिटल संपर्को और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगा रही है कि नकली दवाओं की सप्लाई किन-किन इलाकों में की गई।

जांच में सामने आया कि रजपुरा में सुखविंदर सिंह के मकान को बदायूं निवासी सुनील कुमार ने किराये पर लिया था। वह अपने साथियों के साथ करीब डेढ़ साल से यहां नकली दवाएं तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई कर रहा था। छापे के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकली दवाएं, कच्चा माल और कैप्सूल फिलिंग और टैबलेट पैकिंग की मशीनें बरामद हुई हैं।

 हसीन ने बताया कि वह छह-सात महीने से नकली दवाओं की पैकिंग और कुरियर से अलग-अलग राज्यों में भेजने का काम कर रहा था। इसके लिए उसे सुनील कुमार 20 हजार रुपये प्रतिमाह देता था। वहीं, मोनू करीब एक साल से दवाओं की पैकिंग और लेबलिंग कर रहा था। उसे 15 हजार रुपये महीने मिलते थे।

30 अक्तूबर को वाराणसी के कुरौना स्थित बिना लाइसेंस संचालित एसपी मेडिकल स्टोर पर छापे में मैनकाइंड कंपनी के नाम से बेची जा रही न्यूरोकाइंड-एलसी टैबलेट नकली मिली थी। संचालक सुनील कुमार पटेल ने बताया था कि उसने ये दवाएं लहरतारा स्थित सुपर ड्रग एजेंसी के सेल्समैन अशोक वर्मा से बिना बिल खरीदी थीं। निर्माता कंपनी ने भी दवाओं को नकली घोषित किया था। दो नवंबर को अशोक और डिलीवरी ब्वॉय प्रियांशु तिवारी से पूछताछ के बाद रोहनिया के परमानंदपुर में सुरेंद्र नाथ मिश्रा के घर से 17 प्रकार की दवाएं बरामद हुई थीं। इनमें गुडसेफ प्लस और न्यूरोकाइंड-एलसी के लेबल में गड़बड़ी मिली थी।

 अंतरराज्यीय गिरोह चाक के बुरादे, लैक्टोज समेत अन्य सामग्री से नकली टैबलेट तैयार करता था। चाक का बुरादा मिलाकर गोलियों को ठोस आकार दिया जाता था। इसके बाद ब्लिस्टर पैकिंग, एल्युमिनियम पैकिंग और कैप्सूल भरने वाली मशीनों के जरिये नामी कंपनियों के ब्रांडेड रैपर में नकली दवाएं पैक कर बाजार में भेजी जाती थीं। छापे में ब्लिस्टर पैकिंग से कैप्सूल भरने की मशीनें मिली हैं। एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और गैस की महंगी दवाएं गिरोह के निशाने पर थीं। दवाएं सस्ती रखी जाती थीं ताकि ज्यादा बिक्री हो सके।

यह सच गिरफ्तार आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ रवि ने एसटीएफ को बताया है। एसटीएफ के मुताबिक यूपी, बिहार और हिमाचल प्रदेश के इस फर्जीवाड़े की चेन तोड़ने की कोशिश की जा रही है। 10 दिनों तक गहनता जांच की जाएगी। दूसरी जांच एजेंसियां भी काम कर रही हैं। नकली दवाओं के कारोवार की जांच की आंच हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित वीडी फार्मा तक पहुंच गई है। बिना ड्रग लाइसेंस के वीडी फार्मा में दवाओं का निर्माण किया जा रहा था।

यूपी एसटीएफ व एफएसडीए के छापे से पता चला कि टैबलेट, कैप्सूल और सिरप बनाने की मशीनें ही लगाई गई हैं। बड़ी मात्रा में कच्चा माल, अर्धनिर्मित और तैयार दवाएं भी मिली हैं। नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री में हिमाचल व यूपी के कई बड़े लोग भी शामिल हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही रही है। जांच के दौरान वीडी फार्मा के अलावा भी एक अन्य हिमाचल की फार्मा कंपनी का नाम सामने आया।

Leave a Reply

Next Post

गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान

शेयर करे हर जरूरतमंद का बनेगा आयुष्मान कार्ड, 150 लोगों की सुनी समस्या इंडिया रिपोर्टर लाइव गोरखपुर, 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में […]

You May Like

जैकी श्रॉफ को आज भी याद है बचपन का वो डर....|....कोंडागांव में सगीर खान पर प्रशासन का बड़ा एक्शन....|....सीएम साय ने बलौदाबाजार को दी विकास कार्यों की सौगात....|....फर्जी दस्तावेज पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को एटीएस ने उठाया....|....बिना एफआईआर खाता फ्रीज करना अनुचित....|....भोपाल से जबलपुर पहुंचा कांग्रेस का संविधान मार्च....|....चार महीने बाद आज से फिर गूंजेंगी शहनाइयां....|....गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान....|.... नकली दवा नेटवर्क में हिमाचल की तीन कंपनियों शामिल....|....बाल झड़ने का कारण सिर्फ शैम्पू नहीं!