जैकी श्रॉफ को आज भी याद है बचपन का वो डर

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

मुंबई, 20 नवंबर 2026। जैकी श्रॉफ बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता हैं। उन्होंने फैंस को कई हिट फिल्में दी हैं। अब उनकी हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। खास बातचीत में एक्टर ने अपने व्यक्तिगत जीवन के अनुभव और डर पर बात की। इसके साथ उन्होंने यह भी बताया कि उनकी बायोपिक की शुरुआत वह कहां से करना चाहते हैं। 

अपनी बातचीत में जैकी श्रॉफ ने बचपन का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, ‘नौ-दस साल का था। गणपति के दिनों में दर्शन के बाद मैंने ‘टावर हाउस’ फिल्म देखी थी। उसमें एक खाली टावर था और किसी के चलने की टक-टक आवाज आती थी। उस उम्र में ऐसी फिल्म देख लो तो दिमाग में बैठ जाती है। फिल्म देखने के बाद जब मैं घर जा रहा था तो मुझे लगा कि कोई मेरे पीछे दौड़ रहा है और वैसी ही टक-टक की आवाज आ रही है। मेरा घर तो पांच मिनट की दूरी पर था, लेकिन मैं भागकर घर पहुंचा। सीढ़ियां चढ़कर दरवाजा खोला और अंदर चला गया। सामने मां थीं। उन्हें देखकर लगा कि अब सुरक्षित हूं। पहाड़ पर अकेले चलते हुए वही सब फिर याद आने लगा। अंधेरा था, रास्ता सुनसान था और बचपन की वह आवाज दिमाग में घूम रही थी।’

एक्टर ने बातचीत में कहा, ‘टाइगर को गुब्बारों से डर लगता था। मैं घर में जाता था तो वह मुझसे छिप जाता था या भाग जाता था। मुझे समझ में ही नहीं आता था कि आखिर उसे गुब्बारों से इतना डर क्यों लगता है। बच्चे भी न, कभी-कभी ऐसी चीज से डर जाते हैं जिसके बारे में आप सोच भी नहीं सकते। करीब 1-2 साल की उम्र में उसका डर निकल गया। मैंने भी गुब्बारे लाने बंद कर दिए थे। मैं उन्हें फोड़ना नहीं चाहता था। फिर धीरे-धीरे उसने खुद ही समझ लिया और उसका डर चला गया।’

 जैकी श्रॉफ ने अपने व्यक्तिगत जीवन के डर को भी साझा किया। उन्होंने कहा, ‘अंदर जो डर है, वही सबसे ज्यादा है। डर तो हर चीज का है। जिंदगी कब खत्म हो जाए, कब क्या हो जाए, किसी को पता नहीं। इससे बड़ा डर क्या हो सकता है? हममें से किसी को नहीं मालूम कि कल क्या होगा। इसलिए जो आज हमारे हाथ में है, उसे अच्छी तरह से निभाना चाहिए। प्यार-मोहब्बत से रहना चाहिए, एक-दूसरे की इज्जत करनी चाहिए, उनके परिवार की इज्जत करनी चाहिए और खुश रहना चाहिए। डराने वाले तो बहुत हैं। जिंदगी में कोई हंसाता है, कोई रुलाता है …अब आप किस बात को पकड़कर बैठेंगे? जिंदगी चलती रहती है, हमें भी प्यार से चलते रहना चाहिए।’

जैकी श्रॉफ ने अपने इंटरव्यू में आगे कहा ‘अपने लोगों की फिक्र तो रहती ही है। जिनसे प्यार है, जिन दोस्तों के साथ रहते हैं, उनके साथ कितना वक्त मिलेगा, यह किसे पता है? आज साथ हैं, कल क्या होगा, कोई नहीं जानता। इसलिए जब तक साथ हैं, प्यार से रहना चाहिए और एक-दूसरे की कद्र करनी चाहिए। मुझे प्राकृतिक आपदाओं को देखकर भी बहुत चिंता होती है। बाढ़ आती है तो सोचता हूं कि वहां रहने वाले लोगों का क्या होगा? उन्हें खाना कैसे मिलेगा? धरती हमारी मां है। हम इसी पर रहते हैं और इसी को तकलीफ पहुंचाते हैं। धरती भी जिंदा है। कभी तूफान आता है तो कभी वह खुद को साफ करती है। लोग भी हर तरह के होते हैं। कुछ सकारात्मक सोच रखते हैं, तो कुछ नकारात्मक। कोई प्यार करता है तो कोई आलोचना। हर किसी की सोच एक जैसी नहीं हो सकती। लेकिन धरती के मामले में हमें थोड़ा तो सोचना ही चाहिए। धरती हमारी मां है। जैसे हम अपनी मां का ख्याल रखते हैं, वैसे ही धरती का भी रखना चाहिए। वह भी जिंदा है। हम उसे इतना दर्द क्यों देते हैं?’

Leave a Reply

You May Like

जैकी श्रॉफ को आज भी याद है बचपन का वो डर....|....कोंडागांव में सगीर खान पर प्रशासन का बड़ा एक्शन....|....सीएम साय ने बलौदाबाजार को दी विकास कार्यों की सौगात....|....फर्जी दस्तावेज पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को एटीएस ने उठाया....|....बिना एफआईआर खाता फ्रीज करना अनुचित....|....भोपाल से जबलपुर पहुंचा कांग्रेस का संविधान मार्च....|....चार महीने बाद आज से फिर गूंजेंगी शहनाइयां....|....गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान....|.... नकली दवा नेटवर्क में हिमाचल की तीन कंपनियों शामिल....|....बाल झड़ने का कारण सिर्फ शैम्पू नहीं!