हर जरूरतमंद का बनेगा आयुष्मान कार्ड, 150 लोगों की सुनी समस्या

इंडिया रिपोर्टर लाइव
गोरखपुर, 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम ने लोगों के प्रार्थना पत्र खुद अपने हाथ में लेकर उनका अवलोकन किया और उनकी शिकायतों-समस्याओं का संज्ञान लिया।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उपचार में पूरी मदद करेगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए, ताकि बीमारी की स्थिति में निर्बाध उपचार सुनिश्चित हो सके। आयुष्मान कार्ड बनने के बाद भी अगर जरूरत पड़ी तो विवेकाधीन कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। सीएम योगी ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। जमीन कब्जा करने से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने सख्ती बरतने और विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को अपने हाथ से रोटी और गुड़ खिलाया तथा उन पर स्नेह बरसाया। भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें खूब दुलारा। गोवंश सीएम के सान्निध्य में भावुक होकर उनके और निकट आने लगे, जिस पर योगी ने प्यार से कहा- “अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।” सीएम योगी ने लोगों से कहा कि वे चिंता न करें, सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अलग-अलग मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपे और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।


