अभिनेता की नई फिल्म का ऐलान

इंडिया रिपोर्टर लाइव
मुंबई, 22 नवंबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन आज यानी 22 नवंबर को अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर एक्टर ने फैंस को एक बड़ा तोहफा दिया है। कार्तिक ने अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है, जिसका नाम ‘कालिया’ है। इस बार एक्टर रोमांस या कॉमेडी करते नहीं, बल्कि राक्षसों की दुनिया में कदम रखते नजर आएंगे। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज के बैनर तले बनने वाली यह फिल्म एक मॉन्स्टर थ्रिलर होगी।
कौन करेगा ‘कालिया’ का निर्देशन?
कार्तिक की इस नई फिल्म का एलान उनके जन्मदिन के मौके पर एक डरावने वीडियो के साथ किया गया। वीडियो शेयर करते हुए करण जौहर ने लिखा, ‘श्रीकृष्ण ने उसे दूर भेज दिया था। हम इंसानों ने उसे वापस बुला लिया।’ इस एक लाइन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी करेंगे, जो इससे पहले ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी चर्चित सीरीज का निर्देशन कर चुके हैं।
क्या होगी ‘कालिया’ की कहानी?
‘कालिया’ की कहानी भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं से प्रेरित होगी। फिल्म में देश के अलग-अलग हिस्सों में पीढ़ियों से चली आ रही कहानियों और विश्वासों को आधार बनाकर एक डरावनी दुनिया तैयार की जाएगी। मेकर्स इस फिल्म में मॉन्स्टर थ्रिलर के रोमांच को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक कहानियों के साथ जोड़ने की कोशिश करेंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म के साथ धर्मा प्रोडक्शंस भी एक नए जॉनर में कदम रखने जा रहा है। अब तक रोमांटिक, फैमिली ड्रामा और कमर्शियल फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले इस प्रोडक्शन हाउस की यह पहली मॉन्स्टर थ्रिलर होगी। फिल्म को बड़े पर्दे के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि दर्शकों को एक अलग और रोमांचक सिनेमाई अनुभव मिल सके।
कब रिलीज होगी फिल्म ‘कालिया’
‘कालिया’ निर्देशक संदीप मोदी के लिए भी काफी खास है। ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी सीरीज के जरिए अपनी पहचान बनाने वाले संदीप अब पहली बार किसी हिंदी फिल्म के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देंगे। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ मिलकर वह एक ऐसी दुनिया रचने जा रहे हैं, जो हिंदी सिनेमा में उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव होगी। फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके निर्माता करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमेन मिश्रा, मारिज्के डी’सूजा और कार्तिक आर्यन हैं। फिल्म 5 मई, 2028 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कार्तिक आर्यन का वर्कफ्रंट
कार्तिक आर्यन के पास आने वाले दो साल के लिए फिल्मों की लंबी लिस्ट है। एक्टर लगातार अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के जरिए दर्शकों के सामने नए अंदाज में आने की तैयारी कर रहे हैं। कार्तिक की अगली फिल्मों में फैंटेसी कॉमेडी ‘नागजिला: नाग लोक का पहला कांड’ शामिल है। यह फिल्म 12 फरवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वह श्रीलीला के साथ एक अनटाइटल्ड फिल्म में भी नजर आएंगे, जिसकी रिलीज डेट 30 अप्रैल, 2027 तय की गई है। वहीं, कबीर खान के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘लड़ाकू’ भी कार्तिक की अपकमिंग फिल्मों में शामिल है। रियल लाइफ घटनाओं से प्रेरित इस ड्रामा फिल्म के जरिए कार्तिक बतौर प्रोड्यूसर भी अपनी नई पारी शुरू करेंगे। फिल्म 18 जून, 2027 को रिलीज होगी और इसे बिरला स्टूडियोज, कबीर खान एंटरटेनमेंट और डोपामाइन स्टूडियोज मिलकर बना रहे हैं। इसके अलावा कार्तिक के पास ‘कैप्टन इंडिया’ भी है। शिमित अमीन के निर्देशन में बन रही यह एविएशन ड्रामा फिल्म एक वास्तविक रेस्क्यू मिशन से प्रेरित है। इसमें कार्तिक एक ऐसे पायलट की भूमिका निभाएंगे, जो लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एक बड़े इवैक्यूएशन ऑपरेशन की अगुवाई करता है। फिल्म 13 अगस्त, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


