कमर में फंसा रहा तीन इंच का चाकू

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

राजनांदगांव, 22 नवंबर 2026।  राजनांदगांव जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां इलाज के लिए पहुंचे 22 वर्षीय युवक की कमर में फंसा तीन इंच लंबा चाकू का टुकड़ा निकाले बिना ही स्वास्थ्यकर्मियों ने घाव पर टांके लगा दिए। सात दिन तक असहनीय पीड़ा सहने के बाद जब मरीज का एक्सरे कराया गया, तब शरीर के भीतर चाकू फंसा होने की जानकारी मिली। इसके बाद निजी अस्पताल में ऑपरेशन करके धातु के उस टुकड़े को बाहर निकाला गया। फिलहाल पीड़ित युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति में सुधार है।


मामला 10 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे का है। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान डोंगरगढ़ में युवाओं के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान चाकूबाजी की घटना में विवेक साहू और 24 वर्षीय टिल्लू मांडवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने दोनों घायलों को 1 नवंबर की सुबह लगभग 3 बजे डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उस समय मेडिकल ऑफिसर डॉ. योगेश कन्नौजे ड्यूटी पर तैनात थे, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चारभाठा में पदस्थ ड्रेसर आशीष बंजारे ने विवेक के घाव की ड्रेसिंग और टांके लगाने का काम किया था। इसके बाद विवेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था।

अस्पताल से छुट्टी मिलने और टांके लगने के बाद भी विवेक की कमर का दर्द कम नहीं हुआ। कई दिनों तक दवाइयां लेने के बावजूद दर्द बढ़ता ही गया। परेशान होकर परिजनों ने 18 नवंबर को मरीज का एक्सरे कराया। एक्सरे रिपोर्ट देखकर डॉक्टर और परिजन हैरान रह गए, क्योंकि विवेक की कमर में तीन इंच लंबा चाकू का टुकड़ा फंसा था। परिजनों ने बिना देरी किए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत शल्य चिकित्सा कर कमर से चाकू का वह टुकड़ा बाहर निकाला।

मामले का खुलासा होने के बाद घायल युवक के पिता संजय साहू ने डोंगरगढ़ पुलिस थाने पहुंचकर आपराधिक शिकायत दर्ज कराई। डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य संलिप्त आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर और ड्रेसर की लापरवाही के सवाल पर पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह विषय जांच के अधीन है।

Leave a Reply

You May Like

कमर में फंसा रहा तीन इंच का चाकू....|....नए औद्योगिक संबंध नियम अधिसूचित....|....50 हजार रुपये रिश्वत लेते कनीय अभियंता गिरफ्तार....|....जज की जगह नहीं ले सकता एआई....|....गुना के बजरंगगढ़ किले के पास अवैध खनन पर एनजीटी सख्त....|.... नए निजी कॉलेज खोलने की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, 7 दिसंबर तक आवेदन....|....वन्यजीव अंग कार्यालयों से गायब हुए तो डीएफओ होंगे जिम्मेदार....|....पाकिस्तान से अपलोड हुआ था सौहार्द बिगाड़ने वाला वीडियो....|....30 रुपये का नेबुलाइजर 500 में, 87 रुपये का सिरप 200 में बेच रहे निजी अस्पताल....|....आंखों के सामने धुंध छाने के पीछे हो सकते हैं ये गंभीर कारण, जानिए कब हो जाएं सतर्क