मौसम का कहर: परिवार में मचा कोहराम

इंडिया रिपोर्टर लाइव
बरेली, 17 सितंबर 2026। बरेली में बृहस्पतिवार सुबह आंधी और बारिश ने कहर बरपाया। सीबीगंज क्षेत्र के बल्लाकोठा गांव में दीवार गिरने से गणेशी देवी (25) की मौत हो गई। वह पशुओं के लिए चारा डालने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी चलने लगी और मकान की दीवार उनके ऊपर गिर गई। हादसा होते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस हादसे से उनके परिवार में कोहराम मच गया। गणेशी देवी के पति कृष्ण पाल औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। उनके दो पुत्र आयान (सात वर्ष), सुजान (ग्यारह माह) और एक पुत्री नंदनी (पांच वर्ष) हैं। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर सीबीगंज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। राजस्व टीम ने भी जायजा लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
शहर के 12 फीडर प्रभावित
शहर के करीब 12 फीडर आंधी-बारिश से प्रभावित हुए हैं। जिले में करीब 15 पोल और इतनी ही जगह पेड़ टूटने से सड़कों पर आवागमन बाधित हुआ है। उपकेंद्रों में पानी भरने व तार टूटने से शहर समेत जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। किला क्षेत्र में स्वाले नगर में रोड पर बरसों पुराना पेड़ गिर गया है। इससे दिल्ली हाइवे पर लंबा जाम लग गया है। 33 केवी मढ़ीनाथ की लाइन ब्रेकडाउन में होने के कारण उपकेंद्र से पोषित सभी पोषक बंद है। सप्लाई नॉर्मल होने में लगभग चार से पांच घंटे का समय लगेगा।


