
इंडिया रिपोर्टर लाइव
मुंबई, 18 सितंबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान इन दिनों लगातार मुंबई में गणेश चतुर्थी समारोह में शामिल हो रहे हैं। वह पहले अंबानी परिवार के घर दिखाई दिए। इसके बाद बहन अर्पिता और भाई सोहेल खान के घर भी पहुंचे थे। अब हाल ही में अभिनेता का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार के घर गणेश चतुर्थी समारोह के दौरान बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे।
दर्शन के बाद जब सलमान खान बाहर निकले, तो उनके आसपास फैंस और पैपराजी की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए सलमान ने लोगों से रास्ता खाली करने और पीछे हटने की अपील भी की। एक्टर ने हाथ जोड़कर लोगों से रास्ता देने का अनुरोध किया।
बॉडीगार्ड से लगा बच्चे को धक्का
हालांकि, जब भीड़ को संभालना मुश्किल होने लगा, तो सलमान की सिक्योरिटी टीम उन्हें कार की तरफ ले जाने लगी। इसी दौरान भीड़ में खड़े एक बच्चे को गलती से बॉडीगार्ड ने धक्का मार दिया। जब यह सलमान ने देखा तो वह रुक गए। इतना ही नहीं, अभिनेता ने बच्चे से हाथ मिलाया। इसके बाद उन्होंने बच्चे को धीरे से भीड़ से बाहर निकलने में मदद की और फिर अपनी कार की तरफ बढ़ गए।
ड्राइवर पर क्यों नाराज हुए भाईजान?
मुंबई में गणपति उत्सव में पहुंचे अभिनेता सलमान खान उस समय अपने ड्राइवर पर भी नाराज हो गए थे। दरअसल, एक फैन का पैर उनकी कार के नीचे आ गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में सलमान खान कार की फ्रंट सीट पर बैठे नजर आए और ड्राइवर से सख्ती से बात करते दिखाई दिए। वीडियो देखकर ऐसा लगा कि वह ड्राइवर से घटना के बारे में पूछ रहे थे।
उल्टी आरती करते दिखे थे सलमान खान
कुछ दिनों पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें सलमान खान गणपति बप्पा की उल्टी आरती करते दिखाई दिए थे। कुछ देर बाद उनकी बहन अर्पिता ने उन्हें टोका और सही तरीका बताया, जिसके तुरंत बाद सलमान ने अपनी गलती सुधार ली थी।


