मामूली वेतन पाने वाले प्रबंधक के पास मिली करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

 इंदौर, 04 नवंबर 2026। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरुआती जांच में उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के मुताबिक, करीब 20 साल की नौकरी में ठाकुर को 65 लाख रुपए वेतन मिला। इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए। यह उनकी वैध आय से 271.46 फीसदी ज्यादा है। लोकायुक्त ने ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत केस दर्ज किया है। तीन टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर सर्च कर रही हैं। संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य सामान का सत्यापन और मूल्यांकन किया जा रहा है।

दो मंजिला मकान पर 97 लाख रुपए खर्च

जांच में सामने आया कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा। इस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक और भवन खरीदा गया है। इसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हो रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए है।

पत्नी के नाम पर भी खरीदी कृषि जमीन

जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर भी कृषि भूमि खरीदी गई है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं, ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर जमीन की खरीद पर 42 लाख रुपए खर्च हुए।

जेसीबी, ट्रैक्टर, कार और बुलेट भी मिलीं

लोकायुक्त के मुताबिक, ठाकुर के पास जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा TUV, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि यंत्र-संयंत्र मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत 53 लाख रुपए है। ठाकुर से जुड़े एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है। इसको वेरिफाई किया जा रहा है। अलग-अलग संपत्तियों पर मिले कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों के स्वामित्व और कीमत का आकलन किया जा रहा है।

सर्चिंग और दस्तावेजों की जांच जारी

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में कार्रवाई जारी है। डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया सर्च अभियान में शामिल हैं। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में हो रही है। एसपी राजेश सहाय ने बताया कि सर्च और दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों की वास्तविक कीमत और आय के अनुपात में अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम आकलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Next Post

नोवाक जोकोविच ने खराब शुरुआत से उबरकर हासिल की जीत

शेयर करेशेल्टन-फ्रिट्ज भी अगले दौर में पहुंचे इंडिया रिपोर्टर लाइव पेरिस, 04 नवंबर 2026। रिकॉर्ड सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच ने पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में खराब शुरुआत से उबरकर जीत हासिल की। पुरुषों के रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता जोकोविच ने पहले दौर में […]

You May Like

अमेरिकी सीनेट में पहले मुस्लिम सांसद बनकर अब्दुल अल-सैयद ने रचा इतिहास....|....रामायण: रिलीज से पहले बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाई रणबीर कपूर की फिल्म....|....बुरे दौर में राजेश खाना को अकेला छोड़ गए प्रोड्यूसर्स: केसी बोकाडिया....|....यूथ ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास....|....मामूली वेतन पाने वाले प्रबंधक के पास मिली करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति....|....साहब बीवी भाग गई, वापस दिला दीजिए, जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंचा पति....|....पाकिस्तानी मुक्केबाज अबू बकर से भिड़ेंगे बदायूं के अदनान....|....सीएम योगी आज करेंगे पदयात्रा....|....पुणे में कांस्टेबल ने कमिश्नर के बंगले के गेट में मारी टक्कर....|....ट्रंप की हार पर दिपके को क्यों याद आए ज्ञानेश कुमार?