अनोखी गुहार सुन चौंके अफसर

इंडिया रिपोर्टर लाइव
उज्जैन, 04 नवंबर 2026। साहब ! मेरी बीवी मुझे छोड़कर चली गई है, प्लीज उसे वापस दिलवा दीजिए…उज्जैन कलेक्टर जनसुनवाई में मंगलवार को जब यह फरियाद गूंजी, तो वहां मौजूद अफसर भी अपना सिर पकड़ने पर मजबूर हो गए। अमूमन जनसुनवाई में लोग जमीन-जायदाद के विवाद, पेंशन, राशन या बिजली के बिलों की शिकायत लेकर आते हैं, लेकिन यहां तो मामला सीधे दिल और घर के अचानक खाली हो जाने का निकला।
ऋषि नगर के राजीव रत्न मल्टी (ब्लॉक 115-ए) में रहने वाले और पेशे से सिक्योरिटी गार्ड रियाज खान उर्फ भूरू जब अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दरवाजे पर बड़ा सा ताला लटका था साथ ही बीवी पूरे परिवार के साथ गायब थी।रियाज का आरोप है कि उनकी पत्नी सुल्ताना उर्फ सोना फिरोज खान उर्फ ‘लाला’ के साथ चली गई है।
अकेले नहीं गई, पूरा कुनबा ले गई
पीड़ित पति का दुख यहीं खत्म नहीं हुआ। रियाज ने रोते-बिलखते अधिकारियों को बताया कि पत्नी अकेले नहीं गईं, बल्कि अपनी दोनों शादीशुदा बेटियों को भी साथ ले गई हैं। हद तो तब हो गई जब रियाज ने खुलासा किया कि मैडम और फिरोज खान ने जाने से पहले मोहल्ले के कई लोगों से अच्छे-खासे रुपये उधार भी समेट लिए और फिर मकान पर ताला जड़कर नौ दो ग्यारह हो गए। इतना ही नहीं, रियाज ने अपने दामाद साजिद उर्फ संजू पर भी मारपीट करने और ज्यादा छानबीन करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
अफसर बोले – मैं कहां ढूंढूं तुम्हारी बीवी…?
रियाज खान जनसुनवाई में अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा के सामने खड़े होकर गुहार लगाने लगे साहब, बीवी दिलाओ और मेरे मकान का ताला खुलवाकर कब्जा दिलाओ…! शिकायत की पूरी कहानी सुनकर अपर कलेक्टर शर्मा भी अपनी हंसी और हैरानी नहीं रोक पाए। उन्होंने दो टूक लेकिन शांत लहजे में रियाज को समझाया कीआपकी बीवी को मैं कहां से ढूंढ कर लाऊं भाई…? यह पुलिस का काम है। सीधे थाने जाइए और एफआईआर दर्ज कराइए…! फिलहाल, पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड अपनी पत्नी और घर के सामान की आस लिए पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है, वहीं जनसुनवाई का यह अनोखा मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है!


