मंत्री अरुण साव के प्रयास से 16.15 करोड़ रु मंजूर

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 24 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने बस्तर संभाग के कांकेर जिले में दूध नदी पर पुल और पहुंचमार्ग निर्माण के लिए 16 करोड़ 14 लाख 71 हजार रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि से कोदाभाठ-माटवाड़ा मोदी मार्ग पर दूध नदी पर हाई लेवल पुल और सड़क बनेगी। लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन पर राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति का पत्र प्रमुख अभियंता को जारी कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण करने के लिये कहा है। कार्य पूरे होने के लिये जरूरी समय-सीमा वृद्धि नहीं किए जाने के भी निर्देश विभाग ने दिए हैं। अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर मान्य कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।
गुणवत्ता में कमी मिलने पर होगी कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता तय करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर ठेकेदार पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। राज्य शासन ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता तय करने के निर्देश दिए हैं।


