हिस्ट्रीशीटर व शराब ठेकेदार की हत्या मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

हिसार (हरियाणा), 06 अक्टूबर 2026। हिस्ट्रीशीटर व शराब ठेकेदार नरेश की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिनांक 04 अक्टूबर की रात्रि को कैमरी रोड स्थित मिलन प्लेस के पीछे हथियारबंद युवकों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस घटना में एक व्यक्ति की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृत व्यक्ति पर भी पूर्व में 9 एवं घायल व्यक्ति पर पूर्व में 7 अभियोग दर्ज पाए गए थे जिनमें लड़ाई झगड़े, आर्म्स एक्ट एवं डकैती जैसी वारदाते शामिल हैं।

तीन टीमों का किया था गठन
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हिसार पुलिस द्वारा तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। गठित टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश देते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुनील, अमित व अमित के रूप में हुई है। गिरफ्तार व्यक्तियों पर लड़ाई झगड़े, हत्या, लूट, डकैती जैसी संगीन धाराओं के कुल 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपियों से की जा रही है पूछताछ
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश से जुड़े विवाद होने की आशंका है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियारों एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। 

Leave a Reply

You May Like