1603 बीजीएल सेल और 955 डेटोनेटर बरामद

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 21 नवंबर 2026। बस्तर क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के छिपाए गए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। तीन राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों ने पिछले दो सप्ताह के भीतर सघन जांच अभियान चलाकर 1,603 बीजीएल सेल और 955 डेटोनेटर बरामद किए हैं। माओवादी हिंसक माड़वी हिड़मा के 18 नवंबर, 2025 को मारे जाने और उसकी बटालियन की कमान संभालने वाले बारसे देवा के आत्मसमर्पण के बाद भी पीएलजीए बटालियन नंबर-1 के जंगलों में छिपाए हथियार सुरक्षा बल के लिए चुनौती बने हुए हैं। इनकी तलाश में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती जंगलों में संयुक्त अभियान चला रही हैं।
विभिन्न स्थानों से बरामद सामग्री
ताजा कार्रवाई के दौरान आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले में हिड़मा से जुड़े ठिकाने से 670 जिंदा बीजीएल सेल मिले। उसी दिन बीजापुर के जीड़पल्ली में सुरक्षा बलों ने दो बीजीएल लांचर और 36 सेल बरामद किए। इससे पहले 5 नवंबर को कर्रेगुट्टा पहाड़ी से 711 बीजीएल सेल मिले थे। उधर, कोंडागांव जिले के पुंगारपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेड़मा जंगलों में शुक्रवार को आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
जंगलों में सघन तलाशी और डी-माइनिंग
इसमें 29.65 किलोग्राम विस्फोटक, एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, 25 मीटर कोर्डेक्स वायर, 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, 14 टिफिन, 11 बैटरी सेट और अन्य सामग्री शामिल हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने बताया कि माओवादियों ने हथियारों और विस्फोटकों को अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर रखा है। इस कारण सुरक्षा बल को जंगलों में सघन तलाशी के साथ डी-माइनिंग भी करनी पड़ रही है। संगठन की सशस्त्र ताकत कमजोर पड़ने के बाद अब जंगलों में बचे हथियारों के पूरे नेटवर्क का पता लगाना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
तीन राज्यों की सीमाओं तक फैला प्रभाव
पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी बटालियन नंबर-1 का प्रभाव क्षेत्र तीन राज्यों की सीमाओं के त्रि-जंक्शन तक विस्तृत था। इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा जिलों से लगे आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के सीमावर्ती जंगलों तक फैला था। कर्रेगुट्टा पहाड़ी इसका प्रमुख ठिकाना रही है, जहां पिछले वर्ष 21 दिन तक चले अभियान में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए थे। हिड़मा लंबे समय तक इस बटालियन का कमांडर रहा, जिसे आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली जंगलों में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया था।


