15 गांवों के ग्रामीणों को राहत

इंडिया रिपोर्टर लाइव
बीजापुर, 21 नवंबर 2026। माओवाद के खात्मे के बाद कभी दुर्गम और माओवादी प्रभाव के कारण पहुंच से दूर रहे नेशनल पार्क क्षेत्र में अब शासन-प्रशासन की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में ग्राम पील्लूर में जिले के 24वें थाने का शुभारंभ किया गया। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज जगदलपुर बद्रीनारायण मीणा ने विधिवत फीता काटकर नवीन थाना पील्लूर का उद्घाटन किया।
नया थाना खुलने से क्षेत्र के 15 गांवों के ग्रामीणों को सीधे तौर पर राहत मिलेगी। अब उन्हें शिकायत दर्ज कराने और पुलिस से संबंधित कार्यों के लिए दूरस्थ थानों तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर पुलिस की उपलब्धता बढ़ने से ग्रामीणों को सुरक्षा, त्वरित सहायता और न्याय पाने में सहूलियत होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होने और शासकीय योजनाओं व विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
नवीन थाना पील्लूर के संचालन की जिम्मेदारी उप निरीक्षक हनीफ खान को सौंपी गई है। उन्हें थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस थाने की शुरुआत को नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के विस्तार और प्रशासनिक पहुंच मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य कविता कुड़ेम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भोपालपटनम सरिता कोरसा, उपाध्यक्ष गणपत नीलम और जनपद सदस्य दिनेश मड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक बीएस नेगी, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, 214वीं वाहिनी के कमांडेंट मनीश शर्मा, 22वीं वाहिनी के कमांडेंट रणदीप सिंह, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक सुदेश सुरवाड़े और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


