‘नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना अस्वीकार्य’

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

 नई दिल्ली, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने गुरुवार को सऊदी अरब के अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में हुए हमलों की कड़ी निंदा की। इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। भारत ने साफ कहा कि नागरिक ढांचे और सुविधाओं को निशाना बनाना ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’ है।

भारत ने जताया दुख, सऊदी के साथ खड़े होने का दिया भरोसा
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि भारत अबहा और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा करता है। मंत्रालय के मुताबिक, इन हमलों में नागरिकों की जान गई और कई लोग घायल हुए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि आम लोगों के इस्तेमाल वाले बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत ने हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने यह भी साफ किया कि वह सऊदी अरब की जनता और वहां की सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है।

हमलों के जवाब में सऊदी गठबंधन ने यमन में 82 ठिकाने किए तबाह
इन हमलों के बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई की। गठबंधन का दावा है कि उसने हूती मिलिशिया से जुड़े 82 सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया।

गठबंधन सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों को “बिना सजा” के नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था। इसके जवाब में गठबंधन ने यमन के सादा, अल-हुदैदाह, अल-जौफ और मारिब प्रांतों में व्यापक सैन्य अभियान चलाया।

मिसाइल भंडारण से लेकर कमांड सेंटर तक, कई ठिकाने निशाने पर
गठबंधन के मुताबिक, कार्रवाई में बैलिस्टिक मिसाइलों से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें सादा में पहाड़ों के भीतर बनाए गए 11 बैलिस्टिक मिसाइल भंडारण ठिकाने भी शामिल थे। इसके अलावा कमांड और कंट्रोल सेंटर, संचार व्यवस्था, मिसाइल और हथियारों के भंडार तथा हूती लड़ाकों के जमावड़े वाले ठिकानों को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है। गठबंधन ने यह भी कहा कि सना में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को तबाह कर दिया गया। उसके मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म से सऊदी अरब पर तत्काल हमला करने की तैयारी की जा रही थी।

दो दिन में दो एयरपोर्ट पर हमले, 3 लोगों की मौत और 36 घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार, अबहा एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले अलग-अलग दिनों में हुए। अबहा एयरपोर्ट को 6 अक्टूबर और रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट को 7 अक्टूबर को निशाना बनाया गया। इन दोनों घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 36 लोग घायल हुए। अबहा एयरपोर्ट पर दो लोगों की जान गई और 28 लोग घायल हुए। वहीं किंग खालिद एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति की मौत हुई और आठ लोग घायल हुए। GACA ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने एयरपोर्ट को हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया और यह भी जांचा कि वहां की सुविधाएं यात्रियों और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित हैं या नहीं।

खाड़ी देशों के संगठन ने बताया ‘खतरनाक बढ़ोतरी’
खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदैवी ने भी हूती हमलों की निंदा की। उन्होंने इन्हें नागरिकों को निशाना बनाने वाले ‘व्यवस्थित अपराध’ बताया। उन्होंने कहा कि नागरिक एयरपोर्ट पर हमले और यात्रियों, कर्मचारियों तथा आम लोगों की जान को खतरे में डालना तनाव को बेहद खतरनाक स्तर तक बढ़ाने वाला कदम है। उनके मुताबिक, इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियमों का खुला उल्लंघन हैं।

अमेरिका ने अपने नागरिकों को किया सतर्क
सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने भी अपने नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। मिशन ने सऊदी अरब के एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र को लेकर हूती खतरों के बीच अमेरिकी नागरिकों से सतर्क रहने को कहा। अमेरिका ने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात के कारण उड़ानें रद्द हो सकती हैं, हवाई क्षेत्र बंद किया जा सकता है और यात्रा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

हूती प्रवक्ता का दावा, सऊदी और उसके सहयोगियों को बनाया निशाना
दूसरी ओर, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया कि उनके संगठन ने सऊदी अरब और सऊदी समर्थित ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। एक तरफ सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन यमन में जवाबी सैन्य कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ हूती समूह सऊदी और उसके सहयोगी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा कर रहा है। इस बीच नागरिक एयरपोर्ट और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। 

Leave a Reply

Next Post

पुलिस में 1000 चालकों की होगी भर्ती

शेयर करेभारी वाहन लाइसेंस अनिवार्य, लिखित परीक्षा के साथ फिजिकल टेस्ट भी इंडिया रिपोर्टर लाइव भोपाल, 08 अक्टूबर 2026।  मध्यप्रदेश पुलिस में मैदानी पहुंच और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करने के लिए आरक्षक (चालक) के 1 हजार पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल ने […]

You May Like

कमर में फंसा रहा तीन इंच का चाकू....|....नए औद्योगिक संबंध नियम अधिसूचित....|....50 हजार रुपये रिश्वत लेते कनीय अभियंता गिरफ्तार....|....जज की जगह नहीं ले सकता एआई....|....गुना के बजरंगगढ़ किले के पास अवैध खनन पर एनजीटी सख्त....|.... नए निजी कॉलेज खोलने की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, 7 दिसंबर तक आवेदन....|....वन्यजीव अंग कार्यालयों से गायब हुए तो डीएफओ होंगे जिम्मेदार....|....पाकिस्तान से अपलोड हुआ था सौहार्द बिगाड़ने वाला वीडियो....|....30 रुपये का नेबुलाइजर 500 में, 87 रुपये का सिरप 200 में बेच रहे निजी अस्पताल....|....आंखों के सामने धुंध छाने के पीछे हो सकते हैं ये गंभीर कारण, जानिए कब हो जाएं सतर्क