डर के साये में जी रहीं पाकिस्तान की लड़कियां

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

लंदन/इस्लामाबाद, 20 नवंबर 2026। पश्चिमी देशों में जींस और टॉप पहने किसी लड़की की मुस्कुराती हुई तस्वीर सामान्य बात है, लेकिन पाकिस्तान के रूढ़िवादी समाज में ऐसी तस्वीर किसी लड़की की जान पर भारी पड़ सकती है। यहां बिना हिजाब या सामान्य कपड़ों में ली गई तस्वीरों को परिवार की इज्जत से जोड़ दिया जाता है। इसी सोच का फायदा उठाकर कुछ लोग लड़कियों को ब्लैकमेल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उनसे पैसे और शारीरिक संबंधों की मांग की जाती है। कई लड़कियां परिवार की ओर से हत्या की धमकियों के डर में जी रही हैं। पाकिस्तान में ऑनर किलिंग यानी इज्जत के नाम पर हत्या का खतरा इस समस्या को और गंभीर बना रहा है।

पाकिस्तान के एक कस्बे में रहने वाली किशोरी मनीजा (बदला हुआ नाम) की कहानी इस खतरे को समझाती है। मनीजा हमेशा हिजाब पहनती थीं। एक दिन अपनी सहेली के भाई के कहने पर उन्होंने घर में बिना हिजाब के अपने लंबे बालों की सेल्फी खींचकर उसे भेज दी। बाद में युवक ने तस्वीर परिवार को दिखाने की धमकी देकर उनका शारीरिक शोषण करने की कोशिश की। उसने एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर तस्वीर सार्वजनिक भी कर दी। मनीजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से शिकायत की, लेकिन कंपनी ने यह कहते हुए तस्वीर हटाने से इन्कार कर दिया कि उसमें उसके नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ है। यानी तस्वीर में नग्नता नहीं होने के कारण उसे आपत्तिजनक नहीं माना गया, जबकि लड़की की असली सुरक्षा खतरे में थी।

मनीजा के पिता पहले ही धमकी दे चुके थे कि अगर परिवार की बदनामी हुई तो वे उसे जान से मार देंगे। तस्वीर सार्वजनिक होने के बाद उसकी मां भी डर गईं। उन्होंने मनीजा की पढ़ाई छुड़वा दी और अब उसकी जल्द शादी करने की तैयारी की जा रही है। इस तरह एक सामान्य तस्वीर के कारण उसकी पढ़ाई और आजादी दोनों छिन गईं। मनीजा आज भी इस डर में जी रही हैं कि कहीं परिवार के लोग उसकी जान न ले लें। यह मामला दिखाता है कि ब्लैकमेल करने वाले व्यक्ति की गलती का खामियाजा भी लड़की को ही भुगतना पड़ रहा है।

बलूचिस्तान की 15 वर्षीय जरघुना की कहानी भी ऐसी ही है। स्कूल की पिकनिक के दौरान झील में भीगे कपड़ों में उनकी एक तस्वीर खींची गई थी। बाद में स्कूल के एक कार्यक्रम में यह तस्वीर बड़ी स्क्रीन पर दिखा दी गई। जरघुना के मुताबिक, वहां लड़कियों की सामान्य तस्वीरें खींचकर व्हाट्सएप के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाता है। तस्वीर सार्वजनिक करने की धमकी देकर उनसे पैसे या शारीरिक संबंध बनाने की मांग की जाती है। इस तरह लड़कियों की निजी तस्वीरों को उनके खिलाफ हथियार बना लिया जाता है। सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी ही उनके लिए डर और खतरे की वजह बन रही है।

पाकिस्तान के डिजिटल माहौल में पुरुषों का दबदबा काफी ज्यादा बताया गया है। वहां इंस्टाग्राम के करीब दो-तिहाई उपयोगकर्ता पुरुष हैं। वहीं टिकटॉक के 10 करोड़ उपयोगकर्ताओं में 70 प्रतिशत से अधिक पुरुष हैं। ऐसे माहौल में महिलाओं की ऑनलाइन मौजूदगी को कई बार संदेह और बदनामी से जोड़कर देखा जाता है। इसका खामियाजा महिलाओं को अपनी जान देकर भी चुकाना पड़ा है। पिछले साल 14 वर्षीय हीरा अनवर को उनके टिकटॉक वीडियो के कारण अमेरिका से पाकिस्तान बुलाया गया था, जहां उनके पिता ने उनकी हत्या कर दी। वहीं, युवा टिकटॉक स्टार सना यूसुफ की भी एक सिरफिरे ने हत्या कर दी थी। इन घटनाओं से साफ है कि पाकिस्तान में महिलाओं की ऑनलाइन आजादी और उनकी सुरक्षा के बीच गंभीर टकराव है।

Leave a Reply

Next Post

भारत की पाकिस्तान को दो टूक- आत्मनिर्णय के नाम पर संप्रभुता से खिलवाड़ नहीं करेंगे सहन

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव संयुक्त राष्ट्र, 20 नवंबर 2026। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान पर ‘आत्मनिर्णय’ के सिद्धांत का घरेलू राजनीतिक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। भारत ने स्पष्ट कहा कि आत्मनिर्णय के सिद्धांत का इस्तेमाल किसी भी देश की क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर […]

You May Like

जैकी श्रॉफ को आज भी याद है बचपन का वो डर....|....कोंडागांव में सगीर खान पर प्रशासन का बड़ा एक्शन....|....सीएम साय ने बलौदाबाजार को दी विकास कार्यों की सौगात....|....फर्जी दस्तावेज पर रह रहे तीन अफगानी संदिग्धों को एटीएस ने उठाया....|....बिना एफआईआर खाता फ्रीज करना अनुचित....|....भोपाल से जबलपुर पहुंचा कांग्रेस का संविधान मार्च....|....चार महीने बाद आज से फिर गूंजेंगी शहनाइयां....|....गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान....|.... नकली दवा नेटवर्क में हिमाचल की तीन कंपनियों शामिल....|....बाल झड़ने का कारण सिर्फ शैम्पू नहीं!