प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की पत्रकारों से चर्चा, अगस्त क्रांति दिवस व विश्व आदिवासी दिवस की दी शुभकामनाएं

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 09 अगस्त 2026। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज अगस्त क्रांति दिवस है। आज ही के दिन महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरूआत किया था। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों को नमन करता हूं। उनके त्याग और बलिदान से ही आज हम आजाद भारत में सांस ले रहे है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज विश्व आदिवासी दिवस है, मैं देश और दुनियां तथा प्रदेश के आदिवासी भाईयों, बहनों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज की आबादी 32 प्रतिशत है लेकिन विकास की दौड़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार में आदिवासी समाज काफी पीछे है। प्रदेश का मुखिया आदिवासी है लेकिन दुख की बात है वह खुद को आदिवासी नहीं मानने की शर्त पर मुख्यमंत्री बने है। भारतीय जनता पार्टी, आरएसएस और आदिवासी समाज को वनवासी मानने का षड़यंत्र करती है। यही कारण है जब सारी दुनिया आदिवासी समाज की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट करने विश्व आदिवासी दिवस मनाती है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार इस दिन को मनाने से परहेज करती है।
अगस्त का बिजली बिल भी पिछले पांच माह जैसे बेतहाशा आया है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार झूठा दावा कर रही है कि अगस्त माह में जो जुलाई के बिजली बिल भेजे गये है उसमें बिजली की खपत कम हुई है। हकीकत यह है कि आम आदमी का बिजली बिल अगस्त माह में जो आया है उसकी राशि भी अप्रेल, मई, जून, जुलाई के जैसे ही लगभग उतनी ही आई है। सरकार और विद्युत कंपनियां जनता को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। कांग्रेस के जन आंदोलन से घबरा कर सरकार और बिजली कंपनी अब ज्यादा बिजली बिल भेजने के बाद जनता को ही झूठा ठहरा रही है। एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी कर रही भाजपा सरकार। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली कंपनी दावा कर रही है कि जून की अपेक्षा जुलाई में 30 प्रतिशत बिजली कम खपत हुई है, लेकिन पिछले 8 माह से प्रतिमाह हर आदमी की औसत बिजली खपत तथा बिजली बिल 30 से 40 प्रतिशत बढ़ते गया है। जो 8 माह में चार गुना से भी ज्यादा है। जून की अपेक्षा जुलाई में खपत कम होना स्वाभाविक है लेकिन बिजली कंपनी पिछले 8 माह के बिजली बिल का विश्लेषण जारी करे। इनके दावे भ्रामक, झूठे और परेशान जनता को मुंह चिढ़ाने वाले है एक तरफ जनता को लूट रहे ऊपर से जनता को ही गलत ठहरा रहे है।
चलते शिक्षण सत्र में शिक्षकों का ट्रांसफ़र? जबरिया उगाही और भयादोहन के लिए चल रहा है तबादला उद्योग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बीच शिक्षण सत्र में 700 शिक्षकों के जारी ट्रांसफर लिस्ट जारी किया है। शिक्षा विभाग में तबादले की प्रक्रिया केवल ग्रीष्मकालीन अवकाश या शिक्षण सत्र शुरू होने से पहले किए जाने की परंपरा है लेकिन भाजपा की सरकार शिक्षकों से जबरिया उगाही और भयादोहन के लिए नियमों और तय मापदंडों को ताक पर रख कर तबादला उद्योग चला रही है। सरकार के इस अव्यावहारिक निर्णय से बच्चों के पढ़ाई की लय टूटेगी। नए माहौल, नए स्कूल में नए छात्रों के साथ तालमेल बिठाने में शिक्षक और छात्र दोनों को परेशानी होगी, कोर्स समय पर पूरा कर पाना मुश्किल होगा।
सरकार ई-20 पेट्रोल को वैकल्पिक करे पूरा पैसा लेकर मिलावटी पेट्रोल बेच रहे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार ने नफा नुकसान का वैज्ञानिक परीक्षण किये बिना पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनाल मिला कर पेट्रोल बेचना शुरू कर दिया है जिसके कारण लोगों के वाहन खराब हो रहे है। ई-20 पेट्रोल के कारण लोगों की गाड़ियां न सिर्फ खराब हो रही है इस एथेनाल वाले पेट्रोल के कारण वाहनों की माईलेज भी आधा हो गया है। मोदी सरकार ने अपने एक मंत्री की जिद और उनके पुत्रों के व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूरे देश को संकट में डाल दिया है। ई-20 पेट्रोल आम पेट्रोल की अपेक्षा शुद्ध नहीं है इसीलिए माईलेज में कमी आ रही है तथा गाड़ियों के इंजन भी खराब हो रहे है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एथेनाल मिश्रित पेट्रोल (ई-20) के कारण जनता परेशान हो रही है। ई-20 पेट्रोल देश की जनता के लिए मुसीबत बना। सरकार ई-20 पेट्रोल को वैकल्पिक करे जिस उपभोक्ता को ई-20 पेट्रोल नहीं डलवाना हो उसे बिना एथेनाल मिश्रित पेट्रोल डलवाने की छूट मिलनी चाहिए। अभी पेट्रोल पंपों पर सिर्फ ई-20 पेट्रोल मिल रहा है, जिसके कारण जनता परेशान हो रही है। एथेनाल मिलाकर सरकार तो मुनाफा कमा रही है लेकिन जनता तो प्योर पेट्रोल की कीमत का भुगतान कर रही है तथा गाड़ी खराब होने की परेशानी अलग से भुगत रही है।
भाजपा का तिरंगा अभियान केवल दिखावे के लिये
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। तिरंगा हर भारतीय के लिए आन बान शान है, लेकिन भाजपाइयों के लिए यह केवल राजनैतिक विषयवस्तु है। भाजपा का राष्ट्रवाद और तिरंगा प्रेम केवल दिखावा है, असलियत में तिरंगा के प्रति भाजपाइयों के मन में नफरत है भाजपा तो मुखौटा है उनके पित्र संगठन के लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का बार-बार अपमान किया तीन रंग को अपशगुन बताएं, अब केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए घर घर यात्रा निकाल रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपाई बताएं उनके पूर्वजों ने क्यों तिरंगे को अपमानित किया था। आज भी संघ के शाखाओं में तिरंगा क्यों नहीं फहराया जाता? देशवासी तो गर्व से अपने घरों में तिरंगा फहराते है, संघ की शाखाओं में तिरंगा क्यों नहीं फहराया जाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि देश की आन-बान-शान का प्रतीक रहे तिरंगा को भाजपा ने पितृ पुरुष गोलवलकर ने देश के लिये अपशगुन बताया था। तिरंगे के प्रति सम्मान का आडंबर कर रही भाजपा के आदर्श गोलवलकर ने अपनी पुस्तक बंच ऑफ थॉट्स में तिरंगा को राष्ट्रीय ध्वज मानने से ही मना कर दिया था।


