
इंडिया रिपोर्टर लाइव
पटना 14 नवंबर 2025। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना हो रही है और अब तक आए रुझानों में एनडीए बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है. शुरुआती रुझानों में एनडीए 200 पार करती नजर आ रही है. अब देखना ये है कि बिहार के ‘सियासी क़िले’ पर किसका कब्जा हो पाता है. यहां पर गौर करने वाली बात ये भी है कि अब तक आए नतीजों में नीतीश कुमार की जेडीयू सबसे बड़ी के तौर पर आगे बढ़ रही है।
एनडीए और महागठबंधन दो छोर पर खड़े हैं और नीतीश-तेजस्वी में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. सूबे की 243 सीटों के लिए हुए दो चरणों में पड़े वोटों की गिनती 46 केंद्रों पर हो रही है. नीतीश कुमार ने मतगणना से पहले ही जोश-ओ-खरोश के साथ जीत का दम भर दिया था, तो वहीं तेजस्वी यादव ने भी 18 नवंबर को शपथ लेने का दावा किया है।
एग्जिट पोल में महिलाओं और ओबीसी का समर्थन एनडीए को मिलने की संभावना जताई गई है. एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को महिलाओं, ओबीसी और ईबीसी वर्ग का मजबूत समर्थन मिला है. चुनाव नतीजे तय करेंगे कि सत्ता नीतीश की रहेगी या तेजस्वी बिहार के मुस्तकबिल की नई कहानी लिखेंगे। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती और इसके बाद EVM की गिनती हो रही है. 243 सीटों में बहुमत के लिए 122 सीटें जरूरी हैं. वोटों की गिनती के मद्देनजर प्रशासन ने सभी जिलों में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए हैं. चुनाव आयोग भी अपने स्तर पर सभी तरह की तैयारियां कर चुका है।
मंत्री संतोष कुमार बोले- बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ेगा
बिहार चुनाव के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री संतोष कुमार ने कहा कि वे बिहार की जनता को नई सरकार के गठन के लिए धन्यवाद देते हैं. उन्होंने कहा कि बिहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे भी विकास की राह पर बढ़ता रहेगा और नई सरकार जनता की उम्मीदों को पूरा करने की जिम्मेदारी के साथ काम करेगी। संतोष कुमार ने भरोसा जताया कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे और जल्द ही शपथ लेंगे. उन्होंने कहा कि जनता ने NDA को जो जनादेश दिया है, वह बड़ी जिम्मेदारी के साथ आया है और सरकार इस भरोसे पर खरा उतरेगी।
बिहार रुझानों पर बोले केरल BJP प्रमुख राजीव चंद्रशेखर बोले- जनता ने विकास को चुना
बिहार चुनाव 2025 के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए केरल BJP अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि बिहार की जनता ने एक शानदार जनादेश दिया है. उन्होंने कहा कि लोग साफ तौर पर यह दिखा रहे हैं कि वे विकास, बेहतर कानून-व्यवस्था, अवसरों और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की राह पर आगे बढ़ना चाहते हैं, जो NDA सरकार पिछले कई वर्षों से देती आ रही है।
राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि बिहार में NDA की बड़ी बढ़त यह दिखाती है कि जनता राज्य में पिछले कई वर्षों में हुए काम को आगे बढ़ाना चाहती है. उन्होंने इसे पूरे देश के लिए एक संदेश बताया और कहा कि कांग्रेस और RJD जैसी पार्टियों को समझ लेना चाहिए कि पुरानी तरह की राजनीति का समय खत्म हो चुका है।
बिहार चुनाव को लेकर बोले शशि थरूर- ‘यह चिंताजनक है, आत्मनिरीक्षण की जरूरत’
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को ‘बेहद निराशाजनक’ बताया, क्योंकि एनडीए राज्य में फिर से सरकार बनाने की तरफ बढ़ रही है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यह बिल्कुल साफ है कि एनडीए को भारी बढ़त हासिल है. यह निश्चित रूप से बेहद निराशाजनक है और अगर यही आखिरी नतीजा होता है, तो मुझे लगता है कि गंभीर आत्मनिरीक्षण की जरूरी होगी और मेरा मतलब सिर्फ़ आत्मनिरीक्षण, बैठकर सोचना नहीं है, बल्कि यह भी स्टडी करना है कि क्या गलत हुआ, क्या रणनीतिक, संदेशात्मक या संगठनात्मक गलतियां थीं।
उन्होंने आगे कहा, “मैंने बिहार में प्रचार नहीं किया. मुझे बिहार में प्रचार के लिए बुलाया नहीं किया गया था, इसलिए मैं आपको कोई जमीनी जानकारी नहीं दे सकता. लेकिन मैं लोगों से बात कर रहा हूं. हमारी पार्टी के नेताओं को इस बात का गंभीर विश्लेषण करना चाहिए कि कहां चूक हुई।
जेडीयू दफ्तर के बाहर जश्न का माहौल, लड्डू बांटे जा रहे
बिहार विधानसभा चुनाव में शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (RJD) की भारी जीत के बाद जनता दल (यूनाइटेड) के समर्थकों ने पटना स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर जश्न मनाया. जेडीयू कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और इस पल का आनंद लिया. पार्टी नेता छोटू सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि वे पार्टी कार्यालय में होली और दिवाली मना रहे हैं।


