13 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं, बहन ने एसपी से लगाई गुहार

इंडिया रिपोर्टर लाइव
छतरपुर, 02 अक्टूबर 2026। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में दर्शन करने आया बुलंदशहर का 20 वर्षीय युवक नीरज उर्फ चिंटू बीते 13 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। पीड़ित परिवार ने धाम परिसर सहित आसपास के सभी इलाकों और नाते-रिश्तेदारों के यहां युवक की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अब परेशान बहन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर भाई की गुमशुदगी दर्ज करने और उसकी जल्द से जल्द खोजबीन कराने की गुहार लगाई है।
पिता के साथ अर्जी लगाने आया था युवक
बुलंदशहर निवासी पीड़ित युवक नीरज की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। वह अपने स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर पिता कैलाश चंद्र के साथ 18 सितंबर को बागेश्वर धाम में अर्जी लगाने पहुंचा था। अगले दिन 19 सितंबर को दोपहर लगभग 12:30 बजे नीरज बालाजी के दर्शन करने के लिए मंदिर परिसर में गया था। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। पीड़ित पिता और अन्य परिजनों ने उसकी लगातार खोजबीन की लेकिन युवक का कहीं कोई पता नहीं चला।
बमीठा थाना पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
युवक की बहन प्रियंका बेदी ने बताया कि परिजनों ने बागेश्वर धाम, आसपास के इलाकों तथा पूरे छतरपुर जिले में भाई की खोज की। प्रियंका ने स्थानीय बमीठा थाना पहुंचकर कई बार पुलिस को घटना की सूचना दी किंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इस बेरुखी से हताश होकर परिजनों ने वरिष्ठ अधिकारियों की शरण ली है। प्रियंका ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन पत्र सौंपकर गुमशुदगी दर्ज करने और पुलिस टीम गठित कर भाई की त्वरित खोज कराने की मांग की है। युवक के इस प्रकार अचानक गायब होने से पूरा परिवार अत्यंत परेशान है।


