500 से ज्यादा जवान तैनात; ड्रोन व CCTV से निगरानी

इंडिया रिपोर्टर लाइव
कबीरधाम, 26 जुलाई 2026। सावन माह में छत्तीसगढ़ के भोरमदेव, डोंगरिया और बुढ़ा महादेव धाम पहुंचने वाले हजारों कांवड़ियों और पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर कबीरधाम पुलिस ने इस बार व्यापक सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की है। पूरे यात्रा मार्ग पर 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, होमगार्ड जवान और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। वहीं, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। पुलिस के अनुसार, यात्रा मार्ग को आठ सेक्टरों में विभाजित कर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए आठ सेक्टर पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे। साथ ही, प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर आठ चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां सुरक्षा जांच और निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया है। श्रावण माह के प्रत्येक रविवार और सोमवार को भोरमदेव रोड पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों और पदयात्रियों को निर्बाध एवं सुरक्षित मार्ग मिल सके।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यात्रा मार्ग के अंधे मोड़ों, ढलान, चढ़ाई वाले हिस्सों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष ट्रैफिक पिकेट लगाए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोकी जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सड़क के किनारे चलने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ उमड़ेगी
पुलिस का अनुमान है कि श्रावण मास के पहले सोमवार, 3 अगस्त, को श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ उमड़ेगी। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सुबह से ही पुलिस अधिकारी और जवान ट्रैफिक नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, मार्गदर्शन तथा आपातकालीन सहायता के लिए यात्रा मार्ग पर सक्रिय रहेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और अमित पटेल ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी दुर्घटना, आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को दें। कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि पूरे सावन माह के दौरान सेवा, सुरक्षा और समर्पण की भावना के साथ प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।


