परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप

इंडिया रिपोर्टर लाइव
अंबिकापुर, 14 सितंबर 2026। गांधीनगर थाना क्षेत्र में कॉलेज की एक छात्रा को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने एनएसयूआई के छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दो दिन पहले छात्रा ने अपने घर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने छात्र नेता पर लंबे समय से छात्रा को प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतका के परिजनों ने बताया कि एनएसयूआई छात्र नेता ज्ञान तिवारी काफी समय से छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी द्वारा छात्रा को लगातार ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार इसी निरंतर प्रताड़ना और दबाव से तंग आकर छात्रा ने घर के बाथरूम में फांसी लगा ली। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी छात्र नेता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध पंजीकृत किया है। पुलिस टीम अब मामले से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों तथा परिजनों के आरोपों की जांच में जुटी है। मामला दर्ज होने के तुरंत बाद से ही आरोपी छात्र नेता ज्ञान तिवारी फरार हो गया है। पुलिस की टीम ज्ञान तिवारी को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


