महाकाल की नगरी में गूंजेगा कांग्रेस का शंखनाद

Indiareporter Live
शेयर करे

राहुल गांधी के दौरे से मालवा-निमाड़ में बढ़ेगा उत्साह

इंडिया रिपोर्टर लाइव

उज्जैन, 13 अगस्त 2026। बाबा महाकाल की पावन नगरी उज्जैन जल्द ही एक बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रम की साक्षी बनने जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित उज्जैन दौरा सितंबर में प्रस्तावित है, जिसे लेकर पूरे मालवा और निमाड़ अंचल के कांग्रेसियों में ऊर्जा और उत्साह की नई लहर दौड़ गई है। राहुल गांधी अपने इस दौरे की शुरुआत विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दर पर मत्था टेककर आशीर्वाद लेने के साथ करेंगे।

उज्जैन नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि यह दौरा महज एक औपचारिक यात्रा न होकर मध्य प्रदेश में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर पुनर्जीवित करने और संगठन को बूथ स्तर तक नई धार देने का बड़ा जरिया बनने जा रहा है। दौरे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल बड़े नेताओं का जमघट नहीं होगा, बल्कि संगठन सृजन अभियान के तहत राहुल गांधी सीधे जमीनी सिपाहियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की वास्तविक नब्ज टटोलेंगे।

इस भव्य संवाद कार्यक्रम में उज्जैन संभाग के विभिन्न जिलों रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच के हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। राहुल गांधी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों के साथ-साथ मंडल, ग्राम पंचायत अध्यक्षों और बीएलए-2 स्तर के समर्पित कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू होकर बूथ स्तर की वास्तविक स्थिति, संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर फीडबैक लेंगे। इस प्रस्तावित दौरे की आधिकारिक तारीखों का ऐलान होना अभी बाकी है, लेकिन उज्जैन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम और संभावित जनसभा के लिए उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड को विकल्पों के रूप में देखा जा रहा है। नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता रवि राय सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आधिकारिक घोषणा से पहले ही संगठन के हर स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।

उज्जैन के इस बड़े आयोजन के सफल समापन के बाद इसी तर्ज पर रीवा संभाग में भी कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इससे पहले राहुल गांधी 5 मार्च 2024 को अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान महाकालेश्वर मंदिर आए थे। माना जा रहा है कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद और राहुल गांधी के इस सीधे संवाद से मालवा की धरा पर कांग्रेस संगठन में एक नई क्रांति और अटूट ऊर्जा का संचार होगा।

Leave a Reply

Next Post

एमपी में कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार

शेयर करेदुकानें, मॉल और होटल 24 घंटे तक संचालित किए जा सकेंगे इंडिया रिपोर्टर लाइव  भोपाल, 13 अगस्त 2026। मध्य प्रदेश में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ‘मध्य प्रदेश कार्यस्थल सशक्तिकरण संहिता (श्रम शक्ति संहिता), 2026’ को मंजूरी […]

You May Like

युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग....|....हाईटेंशन लाइन के नीचे ही बना रहे पंपिंग स्टेशन....|....पंचायतीराज चुनाव: चार चरणों में ईवीएम से मतदान....|....अंकित पटेल हत्याकांड में बड़ा खुलासा....|....बाकानेर में 40 लाख की अवैध शराब जब्त....|....तीन दशक पुराने 300 रुपये के रिश्वत मामले में पटवारी को राहत....|....एआई की मनमानी पर लगेगा ब्रेक....|....विदेश मंत्री जयशंकर ने गुटेरेस से की मुलाकात....|....'कांग्रेस हिंदू समाज को बांटना चाहती है'....|....इस साल भारतीय नौसेना को 18 युद्धपोत मिलेंगे