
इंडिया रिपोर्टर लाइव
मुंबई, 16 अगस्त 2026। फिल्म जगत में ऐसे कई सितारे हैं, जो फिल्मों की तरह ही विज्ञापनों का चुनाव भी बहुत सोच-समझकर करते हैं। कुछ सितारे पान मसाला और गुटखा जैसे उत्पादों के विज्ञापनों से दूरी बरतते हैं और इनके ऑफर ठुकराने में बिल्कुल वक्त नहीं लगाते। इस लिस्ट में सनी देओल का नाम भी शामिल है। वे ऐसे विज्ञापन क्यों नहीं करते? खुद इसकी वजह बताई है।
पान मसाला के विज्ञापन पर बोले सनी देओल
सनी देओल ने हाल ही में पान मसाला और गुटखा के विज्ञापन न करने के अपने फैसले को लेकर कहा कि वे ऐसी चीज को प्रमोट नहीं करना चाहते, जिसमें उन्हें खुद यकीन न हो। एक्टर ने कहा कि उन्होंने ऐसे ऑफर ठुकरा दिए हैं, क्योंकि उनका जमीर उन्हें ऐसे प्रोडक्ट का विज्ञापन करने की इजाजत नहीं देता, जिनका वे समर्थन नहीं करते।
सनी देओल ने बताया, क्यों कर देते हैं इनकार?
सनी देओल के मुताबिक, ‘मैं पान मसाला के विज्ञापन नहीं करता और कभी करूंगा भी नहीं। मैं उनमें से कोई भी चीज नहीं करूंगा। ऑफर आते हैं, लेकिन नहीं करूंगा। मैं मना कर देता हूं। मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता, जिसमें मुझे विश्वास न हो। मैं इन सब चीजों को मानता नहीं हूं’। एक्टर ने आगे कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह प्रचार करने के लिए एक अच्छी चीज है। कितनी चीजें नहीं करता, क्योंकि मेरा जमीर नहीं मानता इसलिए और जो करनी होती है वो कर लेता हूं’। सनी देओल ने शुभंकर मिश्रा के साथ एक पॉडकास्ट के दौरान इन बातों का जिक्र किया।
क्या सनी देओल को नहीं मिलते विज्ञापन?
सनी देओल से इस बातचीत में विज्ञापनों में नजर न आने के बारे में भी पूछा गया। इस दौरान अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, ऋतिक रोशन और अजय देवगन जैसे कई स्टार्स का उदाहरण दिया गया, जो कई विज्ञापनों में काम कर चुके हैं। इस पर सनी देओल ने कहा, ‘अगर मैं भारत और बाकी चीजों का प्रतिनिधित्व करता हूं, तो भी मुझे विज्ञापन नहीं मिलते। मुझे ये विज्ञापन क्यों नहीं मिलते, मुझे नहीं पता। ठीक वैसे ही जैसे पहले मुझे फिल्में नहीं मिल रही थीं, वैसे ही विज्ञापनों के मामले में भी मुझे कोई जानकारी नहीं है’। सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ की बात करें तो यह 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। राजकुमार संतोषी निर्देशित यह फिल्म भारत और पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी है। इसमें प्रीति जिंटा और शबाना आजमी भी अहम भूमिका में हैं।


