3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज फिर एक बड़ा हादसा हुआ है। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे नंबर 130 पर भीषण सड़क हादसा हुआ। सोमवार की सुबह बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक के अंदर जा घुसी। इस वजह से तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है। यह सड़क दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
यह सड़क दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर की ओर जा रही रॉयल कंपनी की बस ( सीजी 04 एनएम 0859) हादसे का शिकार हो गई। ग्राम दरचुरा से ठीक पहले स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर एक खराब ट्रक खड़ा था। बस सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। दुर्घटना के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे।
गैस कटर से निकाले गए घायल
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और बचाव दल की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टक्कर के कारण बस का ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था, जिससे यात्री अंदर ही फंस गए थे। बचाव दल ने फंसे हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत गैस कटर का प्रयोग किया। बस की चादर को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा गया। पुलिस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्तियों और घायलों की पहचान करने की कार्रवाई में जुटी है।
अंबिकापुर से आ रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रैवल्स की बस सोमवार की सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए निकली थी। सफर में अधिकतर यात्री नींद में थे। घटना के दौरान बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ रही बस दरचुरा के पास खड़े ट्रक में जा घुसी। ऐसे में यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। घटना के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। सूचना पर डायल 112 की टीम और सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची। बस के अंदर कई लोग गंभीर रूप से घायल थे। सामान बिखरा पड़ा था। सभी को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए सिमगा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां पर इलाज जारी है।


