बसपा मेरा परिवार, मायावती राजनीतिक गुरु

इंडिया रिपोर्टर लाइव
लखनऊ, 02 अक्टूबर 2026। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने लंबे समय बाद चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि वह कभी दूसरे दल में नहीं जाएंगे। बसपा मेरा परिवार है और मायावती मेरी राजनीतिक गुरु और प्रेरणा हैं। मेरी बुआ मां भी हैं।
आकाश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैंने राजनीति में जो कुछ सीखा, वो आप से ही सीखा। जो किया, आपके मार्गदर्शन में किया। इसलिए आज अपनी बात सीधे आपके सामने और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूं। पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में मेरे बारे में कई तरह की खबरें और अफवाहें चल रही हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। आगे भी नहीं जाऊंगा। वहीं अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने पर कहा कि उनके संन्यास का आपका फैसला उचित है और मैं उस फैसले के साथ खड़ा हूं।
आंदोलन का हित रखना मेरी जिम्मेदारी
रिश्ते अपनी जगह हैं पर मिशन उनसे बड़ा है। व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी जिम्मेदारी है। उस समय मैंने खुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपकी उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को गलत समझा गया, और अफवाहों को जगह मिली।अगर इससे आपको ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं। मैं सिर्फ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूं। विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है, और मैं उसे अपने आचरण और अपनी मेहनत से साबित करूंगा। बाबा साहेब का मिशन और कांशीराम साहेब का रास्ता और आपका नेतृत्व, यही मेरी राजनीति है।


